चुनार। तहसील क्षेत्र के विभिन्न ईंट भटठों पर काम करने वाले झारखंड राज्य के 1574 श्रमिक को गुरुवार की शाम श्रमिक स्पेशल ट्रेन से अपने घर के लिए रवाना हुए। उपजिलाधिकारी सुरेन्द्र बहादुर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अजय सिंह व मिर्जापुर ईट भट्ठा समिति के अध्यक्ष सत्येन्द्र सिंह ने शाम पांच बजे चुनार जंक्शन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कोरोना महामारी को देखते हुए क्षेत्र के ईंट भटठों पर काम कर रहे श्रमिकों को उनके गृह राज्य भेजने के लिए मिर्जापुर ईट भट्ठा समिति के सदस्यों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर ट्रेन की व्यवस्था कराने का आग्रह किया था और श्रमिकों पर आ रहे खर्च का भुगतान समिति द्वारा देने की बात कही गयी थी। समिति के अनुरोध पर जिलाधिकारी सुशील कुमार पटेल ने रेलवे बोर्ड के अधिकारियों से वार्ता किया जिस पर रेलवे बोर्ड ने ट्रेन भेजने की संस्तुति देते हुए 1574 श्रमिकों का किराया 6 लाख, 82 हजार 380 रूपया रेलवे कोष में जमा कराने को कहा। समिति द्वारा धनराशि जमा करने के बाद रेलवे बोर्ड ने 22 बोगी वाली 14164 श्रमिक स्पेशल ट्रेन जिसमें 17 स्पीलर व पांच जनरल कोच के साथ दो लगेज बोगी की ट्रेन को उपलब्ध कराया। स्थानीय प्रशासन द्वारा प्रत्येक स्पीलर कोच में 72 श्रमिक व जनरल कोच में 70 श्रमिकों के बैठने की व्यवस्था करायी गयी। गुरुवार की दोपहर क्षेत्र के ईट भट्ठा संचालकों द्वारा बच्चों सहित कुल 1574 श्रमिकों को प्राइवेट साधन से रेलवे स्टेशन लाया गया। ट्रेन पर सवार होने से पूर्व उन्हें संचालकों ने टिकट उपलब्ध कराया उसके बाद प्रवेश द्वार पर मौजूद चिकित्सकीय टीम ने थर्मल स्कैनिंग कर उनका परीक्षण किया गया। तत्पश्चात उन्हें नाश्ता, पानी का पैकेट दिया गया। उसके बाद प्लेटफार्म नंबर एक से फुट ओवर ब्रिज से होकर प्लेटफार्म नंबर पांच पर खड़ी ट्रेन में सवार हुए। शाम पांच ट्रेन को चुनार जंक्शन से उपजिलाधिकारी सुरेन्द्र बहादुर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन गंतव्य के लिए रवाना किया।