फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

UP: कल हस्तिनापुर पहुंचेंगी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, यहां पढ़ें पश्चिमी यूपी की बड़ी खबरें

Wed, 14 Dec 2022 09:02 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Wed, 14 Dec 2022 09:02 PM IST
खास बातें

नगर निकाय चुनावों की अधिसूचना जारी करने पर 20 दिसंबर तक रोक जारी रखी है। वहीं मेरठ के सरदार वल्लभभाई कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के लिए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल आज मेरठ पहुंच जाएंगी। उनका कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। 

विज्ञापन
Western UP News today: convocation ceremony in Agriculture University today, MDA will sell flats soon
नगरीय निकाय चुनाव - फोटो : सोशल मीडिया

लाइव अपडेट

08:49 PM, 14-Dec-2022
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल - फोटो : अमर उजाला
हस्तिनापुर के सैफपुर कर्मचंदपुर गांव कल पहुंचेंगी राज्यपाल
महाभारत कालीन ऐतिहासिक नगरी में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के संभावित दौरे को देखते हुए अधिकारी तैयारी में जुट गए हैं। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी और एसएसपी ने मौके पर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। 

बुधवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी रोहित सजवाण, एसडीएम अखिलेश यादव, सीएमओ अखिलेश नारायण, बीडीओ अंबरीश कुमार आदि अधिकारी विकासखंड के पंच प्यारे भाई धर्मसिंह जन्मस्थली सैफपुर कर्मचंदपुर में पहुंचे। यहां बृहस्पतिवार को राज्यपाल के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और सभी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने यहां पर आंगनबाड़ी केंद्र वेलनेस सेंटर और लैब सेंटर का निरीक्षण किया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल यहां आंगनबाड़ी केंद्र की गोद भराई की रस्म में शामिल होंगी। साथ ही वह गांव में मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं वाले वेलनेस सेंटर का भी निरीक्षण करेंगी और आशा आंगनबाड़ियों से भी बातचीत करेंगी। साथ ही लैब सेंटर का अनावरण करेंगी। 

इसके बाद प्राचीन पांडव मंदिर में दर्शन करेंगी। पांडव टीले पर जयंती माता शक्तिपीठ मंदिर में माता की पूजा अर्चना में शामिल होंगी और पांडव टीले का भ्रमण भी करेंगी। कार्यक्रम स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पुलिस की टीमों ने मॉकड्रिल भी किया। इस मौके पर ग्राम प्रधान अनुज भाटी, एडीओ राजवीर सिंह, एडीओ आईएसबी विनीत भटनागर, ग्राम सचिव राजकुमार राणा, पंकज यादव, अजय वर्मा, प्रवीण कुमार आदि मौजूद रहे। 
07:18 PM, 14-Dec-2022

अधेड़ व्यक्ति की मौत, कस्बे के एक मंदिर में रह रहा था नरेश 

बड़गांव कस्बे के एक मंदिर में रह रहे व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हालांकि मौत का कारण अधिक शराब पीना बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

नकुड़ थाना क्षेत्र के गांव रानी वादीपुर निवासी नरेश (55) पुत्र मंगतू पिछले पांच माह से कस्बे के एक मंदिर में रहकर वहां देख-रेख कर रहा था। बुधवार की शाम नरेश की अचानक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम पर भेजा है।

बताया जा रहा है कि मृतक पिछले दो दिन से बुखार से पीड़ित चल रहा था। उसके बाद भी वह शराब का सेवन कर रहा था। थाना प्रभारी प्रवेश कुमार का कहना है कि मृतक की संभवत अधिक शराब पीने से मौत हुई होगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जबकि मृतक की पत्नी व बेटा लुधियाना में रहकर मेहनत मजदूरी करते हैं। उन्हें भी सूचना दे दी गई है।
विज्ञापन
07:15 PM, 14-Dec-2022

33 केवी की लाइन से 1560 मीटर की विद्युत लाइन चोरी

स्योहारा क्षेत्र के गांव रायपुर व मीठेपुर के जंगल से 33 केवी की निर्जीव विद्युत लाइन से अज्ञात चोरों ने तार चोरी कर लिया है। जानकारी होने पर विद्युत विभाग के अधिकारियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

बुधवार को विधुत विभाग द्वारा आई एक तहरीर में अवर अभियंता उपकेंद्र सरकड़ा चकराजमल सुमित सिंह व अवर अभियंता उमरपुर खादर विनोद कुमार ने बताया कि आज ग्राम रायपुर निवासी किसान ब्रजपाल सिंह ने सूचना दी है कि यहां 33 केवी की विद्युत लाइन से तार चोरी हो गया है।

वहीं विद्युत विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया तो ग्राम रायपुर निवासी किसान जय सिंह पुत्र नारायण सिंह के खेत से ग्राम मीठेपुर निवासी वीरेंद्र पुत्र भगवाना सिंह के खेत तक छः खंभों की लगभग सभी 1560 मीटर लंबी लाइन अज्ञात चोर चोरी करके ले गए हैं। घटना के बाद क्षेत्र व विद्युत विभाग में सनसनी मची हुई है। विद्युत अधिकारियों ने पुलिस को तहरीर देकर घटना के खुलासे की मांग की है।

थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव चौधरी का कहना है कि मामला संज्ञान में है और जांच की जा रही है।
07:13 PM, 14-Dec-2022

अवैध खनन मामले में जावेद की संपत्ति कुर्क करने के आदेश

बिजनौर में सीजेएम शारिब अली ने नजीबाबाद में अवैध खनन के मामले में दर्ज रिपोर्ट व कोर्ट में पेश नहीं होने पर जावेद निवासी मंडावर की संपत्ति कुर्क करने के आदेश मंडावर पुलिस को दिए हैं।

जावेद के खिलाफ नजीबाबाद थाना क्षेत्र में अवैध खनन करने की रिपोर्ट दर्ज है। इस मामले में जावेद की फरारी की कार्रवाई जारी हो चुकी है। इसके बावजूद भी कोर्ट में पेश नहीं होने पर कोर्ट ने उसकी संपत्ति की कुर्की के आदेश दिए हैं। कार्रवाई पूरी कर 19 दिसंबर तक कोर्ट को अवगत कराने का आदेश दिया गया है। इसके साथ ही जावेद की गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए हैं।
06:36 PM, 14-Dec-2022

खेतों में घूम रही गाय ने किसान को मार डाला

बिजनौर के किरतपुर में खेत में गन्ना छोल रहे किसान (70) को गाय ने मार डाला। आवारा गाय द्वारा किसान की मौत की सूचना पर किसान यूनियन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और नाराजगी व्यक्त की। वहीं मृतक किसान के परिजनों ने बिना कोई पुलिस कार्रवाई किए अंतिम संस्कार कर दिया।

क्षेत्र के गांव बुढ़पुरनैन सिंह में बुधवार की दोपहर किसान लाखन सिंह (70) पुत्र हरिकेश अपने खेत में गन्ना छोलने गया था। गन्ना छोलते समय खेत में एक गाय और एक बछ़डा आ गए। किसान लाखन सिंह खेत से आवारा पशुओं को भगाने लगा। इसी दौरान एक गाय ने उन्हें आकर मारना शुरू कर दिया। गाय ने किसान लाखन सिंह को खेत में ही पटक-पटककर मार डाला। गाय इतनी हिंसक हो गई कि किसान अपनी जान बचाने के लिए खेत में खड़ी बुग्गी पर चढ़ गया, लेकिन गाय किसान पर हमला करती रही। कुछ देर बाद परिजन खेत पर पहुंचे तो लाखन सिंह खेत में मृत पड़े थे। परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

किसान की आवारा पशु द्वारा मौत के घाट उतार देने की सूचना के बाद सैकड़ों किसान मौके पर जमा हो गए। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
06:17 PM, 14-Dec-2022

छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने की दिलाई शपथ

छात्र-छात्राएं। - फोटो : amar ujala
बिजनौर में युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए पुलिस छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद कर रही है। इसी क्रम में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और जनप्रतिनिधियों को नशे से दूर रहने और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।

बुधवार को थाना हल्दौर क्षेत्र में स्थित आवीआईटी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में एसपी दिनेश सिंह ने कहा कि जिले को नशा मुक्त बनाकर भय मुक्त समाज की स्थापना करनी है। जिसके तहत तीन महीने से नशे के विरुद्ध एक युद्ध का शंखनाद कर जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। यह चिंता का विषय है कि इस जिले में भी अन्य क्षेत्रों की तरह नशे का अवैध व्यापार पैर फैला रहा है। ऐसे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाकर जिले में कड़ी कार्यवाई करते हुए सप्लाई चेन को तोडा गया है। छात्र-छात्राओं से अपील करते हुए कहा कि ऐसे तत्वों की जानकारी पुलिस को दे, ताकि उनके विरुद्ध समय से कार्यवाई की जा सके।

कहा कि अंतिम स्तर तक भटके हुए युवाओं को चिन्हित कर रहे हैं, जो नशे की तरफ बढ़ चले हैं। उन्होने नशे से मुक्त रहने की शपथ भी दिलाई गई। साथ ही यातायात के नियमों का पालन करने की अपील भी की। कार्यक्रम की शुरुआत में कॉलेज के प्रबन्ध निदेशक सन्नी देशवाल ने सभी अतिथियों को बुके भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर सीओ सिटी अनिल कुमार, थाना प्रभारी हल्दौर उदय प्रताप सिंह सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और विद्यार्थी आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अय्यूब अहमद द्वारा किया गया ।
विज्ञापन
विज्ञापन
06:12 PM, 14-Dec-2022
नजीबाबाद निवासी फरीद अहमद की मोदीपुरम में मौत

मेरठ के मोदीपुरम में सोफीपुर की सॉफ्ट ड्रिंक कंपनी में कार्यरत नजीबाबाद निवासी एग्जीक्यूटिव फरीद अहमद की मौत हो गई। वह पल्लवपुरम स्थित आवास में मृत पाए गए।

राष्ट्रीय लोकदल के पूर्व जिला महामंत्री शरीफ अहमद के पुत्र सॉफ्ट ड्रिंक कंपनी के एग्जीक्यूटिव फरीद (42) की मोदीपुरम के पल्लवपुरम फेस-2 आवास पर मौत हो गई। फरीद अहमद मोदीपुरम की सोफीपुर स्थित एक सॉफ्ट ड्रिंक कंपनी में एग्जीक्यूटिव थे। बताया जाता है कि प्रातः पत्नी द्वारा फोन करने पर जब फोन अटेंड नहीं हुआ तो उसके मित्र ने परिजनों की सूचना पर आवास पहुंचकर देखा तो अंदर से कमरा बंद था और फरीद अहमद का शव बैड पर पड़ा हुआ था। पुलिस की मदद से कुंडा तोड़कर शव निकाला गया। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने हार्ट अटैक होने की पुष्टि की।

फरीद अहमद के भाई वसीम अहमद संबंधित डॉ. सुहेल सहित परिजन मोदीपुरम पहुंचे। पंचनामा के बाद शाम को शव नजीबाबाद लाया गया। रालोद नेता शरीफ अहमद के पुत्र शोक पर विधायक हाजी तसलीम अहमद, पूर्व सांसद मुंशी रामपाल सिंह, सरदार बलवीर सिंह, हरेंद्र तोमर, बृजवीर सिंह एड., आसिफ अली मुत्तकी सहित समाजसेवियों और नागरिकों ने संवेदना व्यक्त की है।
06:04 PM, 14-Dec-2022
कार्रवाई करती पुलिस। - फोटो : amar ujala
ढोलीखाल में पुलिस का छापा, बाजार कराया बंद
सहारनपुर के ढोलीखाल में पुराने वाहनों के काटे जाने की सूचना पर पुलिस ने बाजार में छापामारी की कार्रवाई की। पुलिस ने वाहनों से संबंधित दुकानदारों से रिकॉर्ड मांगें तो वह नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने ढोलीखाल बाजार बंद करा दिया। इसके साथ ही पांच लावारिस बाइक भी कब्जे में ली है। इसके अलावा देहरादून रोड और जनता रोड पर भी कार्रवाई की गई है, जिससे पुराने वाहन काटने वालों में खलबली मची रही।

दरअसल, थाना कुतुबशेर क्षेत्र के ढोलीखाल में पुराने वाहनों के काटे जाने का सबसे बड़ा बाजार है। पुलिस को यहां पर चोरी के वाहन काटे जाने की जानकारी मिली थी। सूचना पर एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक और सीओ प्रथम अजेंद्र फोर्स के साथ बुधवार की सुबह ढोलीखाल पहुंचे। पुलिस ने एक-एक व्यापारी से वाहनों से संबंधित रिकॉर्ड मांगें तो वह कोई कागजात नहीं दिखा सके। वहीं, कुछ व्यापारी दुकान बंद करने में जुट गए, जिनको पुलिस ने रोका। यहां पर करीब 50 से अधिक दुकानों की चेकिंग की गई, लेकिन कोई भी व्यापारी काटे जाने वाले वाहनों से संबंधित रिकॉर्ड नहीं दिखा सका। पुलिस ने मौके से पांच लावारिस बाइक भी कब्जे में ली है।

इसके बाद पुलिस ने ढोलीखाल में बाजार को बंद कर दिया। इसके अलावा पुलिस टीम ने देहरादून रोड पर खालसा पब्लिक स्कूल के पास गोदाम पर छापा मारा, जहां पर वाहन काटे जा रहे थे, लेकिन यहां भी कोई दस्तावेज पुलिस को नहीं मिले। इसी तरह जनता रोड पर कार्रवाई की। एसपी सिटी ने मामले की जांच बैठा दी है।

खपाए जाते हैं दूसरे प्रदेशों के भी वाहन
ढोलीखाल में पुलिस पहले भी कई बार कार्रवाई कर चुकी है। वाहन काटने वाले दुकानदारों को पहले भी हिदायद दी गई थी कि काटे जाने वाले वाहनों का रिकार्ड रखें, लेकिन इसके बाद भी दुकानदारों ने कोई रिकॉर्ड नहीं रखा। यहां पर उत्तराखंड़, हरियाणा और पंजाब सहित पश्चिमी यूपी के जिलों के वाहन काटे जाते हैं। वहीं, सूत्र बताते हैं कि चोरी के वाहन भी यहां खपाए जाते हैं। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच करा रही है।
05:00 PM, 14-Dec-2022

दहेज हत्या में विवाहिता के पति, सास का चालान

बिजनौर के धामपुर में पुलिस ने दहेज हत्या में नामजद पांच लोगों में से विवाहिता रितिका के पति सोनू सैनी और सास को गिरफ्तार कर बुधवार को चालान कर दिया है। आरोप है कि यह लोग परिवार के अन्य लोगों के साथ मिलकर विवाहिता से दहेज में दस लाख रुपये की नकदी और अपाचे बाइक की मांग पूरी न होने पर मारपीट करते रहे थे। जिससे तंग होकर 23 वर्षीय रितिका ने 12 दिसंबर को अपने घर में बिजली के पंखे में लटकर आत्महत्या कर ली थी। विवाहित के पिता अमीचंद ने उसके पति सोनू सहित छह के खिलाफ दहेज को लेकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए नामजद रिपोर्ट कायम कराई थी। कोतवाल माधो सिंह विष्ट का कहना है कि पुलिस की ओर से अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने को दबिश दी जा रही है। पुलिस जल्द ही अन्य आरोपियों के गिरफ्तार कर उनका चालान करेगी।
04:14 PM, 14-Dec-2022
नगर निकाय चुनावों की अधिसूचना जारी करने पर रोक बढ़ी
हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच द्वारा प्रदेश के नगर निकाय चुनावों की अधिसूचना जारी करने पर 12 दिसंबर को लगाई गई रोक 20 दिसंबर तक जारी रखने का आदेश दिया है। नगर निकाय चुनावों में ओबीसी आरक्षण लागू करने में प्रक्रिया का पालन न करने का आरोप राज्य सरकार पर लगाते हुए, दाखिल जनहित याचिका पर न्यायमूर्ति डीके उपाध्याय की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने यह आदेश दिया है। आज हुई सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने जवाबी हलफनामा देने के लिए तीन दिन का समय दिए जाने की मांग की जिसे न्यायालय ने मंजूर कर लिया।
Load More
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed