फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   West UP Top News: Death Sentence for Ravita and Amardeep, BJP Faces Setback in Shamli

वेस्ट यूपी से खास खबरें, पति को सांप से डसवाने वाली रविता को मृत्युदंड, शामली में भाजपा को बड़ा झटका

Fri, 16 Oct 2026 06:10 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Fri, 16 Oct 2026 06:10 PM IST
सार

वेस्ट यूपी की प्रमुख खबरों में मेरठ के अमित कश्यप हत्याकांड में रविता-अमरदीप को मृत्युदंड, शामली में हरबीर मलिक का सपा में जाना, मुजफ्फरनगर पुजारी हत्याकांड का खुलासा, किसान प्रदर्शन और मौसम का हाल पढ़ें।

विज्ञापन
West UP Top News: Death Sentence for Ravita and Amardeep, BJP Faces Setback in Shamli
Meerut बुलेटिन में प्रमुख खबरों पर नज़र, मेरठ समेत आसपास के शहरों के बड़े अपडेट्स - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को अपराध, राजनीति, किसान आंदोलन, मौसम और खेल से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आईं। मेरठ में अमित कश्यप हत्याकांड में अदालत ने पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को मृत्युदंड सुनाया। इससे पहले चर्चित नीले ड्रम वाले सौरभ राजपूत हत्याकांड में मुस्कान और साहिल को भी फांसी की सजा सुनाई जा चुकी है। दो दिन के भीतर दो मामलों में चार दोषियों को मृत्युदंड दिए जाने से दोनों फैसले चर्चा में हैं।

विज्ञापन


1. मेरठ: अमित कश्यप हत्याकांड में रविता-अमरदीप को मृत्युदंड
मेरठ के बहसूमा क्षेत्र के अकबरपुर सादात गांव निवासी अमित कश्यप उर्फ मिक्की कश्यप की हत्या के मामले में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश जयवीर सिंह नागर की अदालत ने उसकी पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को मृत्युदंड की सजा सुनाई। दोनों दोषियों की पेशी जेल से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कराई गई। अदालत ने इससे पहले दोनों को हत्या और साक्ष्य मिटाने का दोषी करार दिया था।
विज्ञापन


अमित की हत्या को सर्पदंश से हुई मौत दिखाने की कोशिश की गई थी। शुरुआत में परिवार को बताया गया था कि अमित की मौत सांप के काटने से हुई है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में हत्या की बात सामने आई। अभियोजन पक्ष की ओर से मामले में 12 गवाहों के बयान दर्ज कराए गए थे।
विज्ञापन
विज्ञापन


सजा सुनाने से पहले न्यायाधीश ने मनुस्मृति का उल्लेख करते हुए कहा कि अधर्म कभी धर्म से नहीं जीत सकता। अदालत की टिप्पणी में सावित्री का भी जिक्र किया गया, जो यमराज से भिड़ गई थीं। फैसला सुनाए जाने के बाद अमित की मां मुनेश देवी भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि बेटे की हत्या के मामले में दोषियों को फांसी की सजा मिलने से उन्हें न्याय मिला है।

इससे पहले नीले ड्रम वाले सौरभ राजपूत हत्याकांड में मुस्कान और साहिल को मृत्युदंड सुनाया गया था। इस फैसले के समय सौरभ की मां भी अदालत पहुंची थीं।

Trending Videos

2. दो दिन में चार दोषियों को मृत्युदंड, दोनों मामलों में अदालत की सख्त टिप्पणियां
मेरठ में दो दिन के भीतर दो चर्चित हत्याकांडों में चार दोषियों को मृत्युदंड सुनाया गया। सौरभ राजपूत हत्याकांड में 13 अक्तूबर को मुस्कान और साहिल को फांसी की सजा सुनाई गई थी। इसके दो दिन बाद अमित कश्यप हत्याकांड में रविता और अमरदीप को मृत्युदंड दिया गया।

अमित कश्यप हत्याकांड में अदालत ने हत्या के तरीके, विश्वासघात और अपराध की गंभीरता पर सख्त टिप्पणियां कीं। फैसले में कहा गया कि दोषियों ने सोते समय अमित की हत्या की और इस तरह वारदात को अंजाम दिया कि आसपास मौजूद लोगों तक उसकी चीख न पहुंचे। अदालत ने अपराध को जघन्य, घृणित और अमानवीय बताते हुए इसे विरल से विरलतम श्रेणी का मामला माना।

अदालत ने दंड के महत्व पर टिप्पणी करते हुए कहा कि दंड न हो तो दुष्ट व्यक्ति सज्जनों को खा जाएंगे। फैसले में न्याय व्यवस्था के प्रमुख गुणों के रूप में अपराधियों को दंड देने, सज्जनों का सम्मान करने, न्यायपूर्ण नीति अपनाने, निष्पक्ष व्यवहार करने और राष्ट्र की रक्षा करने का उल्लेख किया गया।

वहीं, सौरभ राजपूत हत्याकांड में जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार मिश्रा के 163 पेज के फैसले में मुस्कान और साहिल के अपराध को लेकर गंभीर टिप्पणियां की गईं। अदालत ने शव को सीमेंट से भरे ड्रम में छिपाने के तरीके को वीभत्स और समाज की अंतरात्मा को झकझोरने वाला बताया। दोनों मामलों में अदालतों ने अपराध की गंभीरता और सामाजिक विश्वास को पहुंचे नुकसान को प्रमुखता से रेखांकित किया।

3. शामली: भाजपा को झटका, हरबीर मलिक ने सपा का दामन थामा
शामली की राजनीति में शुक्रवार को उस समय हलचल बढ़ गई, जब भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रहे हरबीर मलिक ने पार्टी छोड़कर समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा में करीब तीन दशक तक सक्रिय रहे हरबीर मलिक ने लखनऊ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने और उनके साथ कई कार्यकर्ताओं ने सपा की सदस्यता ली।

हरबीर मलिक ने भाजपा में अनदेखी किए जाने का आरोप लगाया है। वहीं, भाजपा की ओर से उनके खिलाफ अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

उनके सपा में शामिल होने के बाद शामली की राजनीति में नए समीकरणों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। करीब 30 साल तक भाजपा में सक्रिय रहे नेता का पार्टी छोड़ना स्थानीय राजनीतिक घटनाक्रम के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

4. मेरठ: कलेक्ट्रेट में ट्रैक्टर ले जाने से रोकने पर किसानों और पुलिस में विवाद
मेरठ कलेक्ट्रेट में विभिन्न मांगों को लेकर पहुंचे किसानों और पुलिस के बीच ट्रैक्टर अंदर ले जाने को लेकर विवाद हो गया। पुलिस ने किसानों को ट्रैक्टर कलेक्ट्रेट परिसर के भीतर ले जाने से रोक दिया। इसके बाद किसानों और पुलिसकर्मियों के बीच नोकझोंक शुरू हो गई। किसान बाद में धरने पर बैठ गए और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करने लगे।

प्रदर्शन के दौरान एएसपी दीक्षा भौरिया को धक्का लगने का आरोप लगा। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने किसानों के व्यवहार पर नाराजगी जताई। इस आरोप को लेकर पुलिस अधिकारियों और किसानों के बीच तनाव की स्थिति बनी रही।

5. मुजफ्फरनगर: पुजारी हत्याकांड में पिता-पुत्र गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर के भौराकलां गांव स्थित शिव मंदिर के पुजारी स्वामी देवानंद भारती की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल होने के आरोप में भौराकलां निवासी जीशान और उसके पिता हाशिम को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, स्वामी देवानंद भारती ने आरोपियों के परिवार में बेटा होने की भविष्यवाणी की थी, जो गलत साबित हुई। परिवार में बेटी होने के बाद इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस का दावा है कि इसी रंजिश में पिता-पुत्र ने पुजारी की गोली मारकर हत्या कर दी।

6. वेस्ट यूपी का मौसम: तापमान में गिरावट, आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से फसलों पर असर
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दूसरे दिन भी मौसम का मिजाज बदला रहा। शुक्रवार को आसमान में कभी हल्के बादल छाए रहे तो कभी धूप निकली। मौसम में बदलाव के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।

दिन के दौरान धूप निकलने पर हल्की गर्मी महसूस हुई, जबकि बादल छाने से मौसम ठंडा हो गया। अक्टूबर में लगातार बदलते मौसम के कारण दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से फसलों पर भी असर पड़ने की बात सामने आई।

 

7. शामली: गन्ने का भाव 500 रुपये करने की मांग, कलेक्ट्रेट पर धरना
शामली में गन्ने का भाव 500 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) के बैनर तले सैकड़ों किसानों ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। धरने का नेतृत्व बाबा राजेंद्र ने किया।

किसानों ने अपनी समस्याएं उठाते हुए प्रशासन से उनके समाधान की मांग की। उनका कहना था कि शुगर मिलों के चालू होने से पहले गन्ने का भाव घोषित किया जाना चाहिए। किसानों ने गन्ने का मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल तय करने की मांग करते हुए कहा कि इससे उन्हें अपनी उपज का उचित दाम मिल सकेगा।

8. मेरठ: ऋषभ एकेडमी में क्रिकेट ट्रायल, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
मेरठ की ऋषभ एकेडमी में प्रदेश स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए ओपन मंडल के ट्रायल आयोजित किए गए। क्रिकेट कोच अत्तर अली की निगरानी में खिलाड़ियों की बल्लेबाजी और गेंदबाजी का आकलन किया गया।

ट्रायल में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई। चयन को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह रहा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में खेलने का अवसर मिल सके, इसके लिए उनके प्रदर्शन का बारीकी से मूल्यांकन किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed