Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   West UP News Roundup: Mother and Two Daughters Die in Shamli Fire, Cops Assaulted in Saharanpur, Former MLA Bo

वेस्ट यूपी से खास खबरें: शामली में आग से मां-बेटियों की मौत, सहारनपुर में पुलिसकर्मियों से मारपीट; पूर्व विधाय

Thu, 19 Nov 2026 05:44 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Thu, 19 Nov 2026 05:44 PM IST
सार

वेस्ट यूपी की प्रमुख खबरों में शामली में आग से मां और दो बेटियों की मौत, सहारनपुर में पुलिसकर्मियों से मारपीट, मुजफ्फरनगर में पूर्व विधायक पर प्राथमिकी और मेरठ की कई अहम खबरें शामिल हैं।

विज्ञापन
West UP News Roundup: Mother and Two Daughters Die in Shamli Fire, Cops Assaulted in Saharanpur, Former MLA Bo
वेस्ट यूपी से खास खबरें, मेरठ न्यूज बुलेटिन - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

शामली: मकान में आग और सिलिंडर विस्फोट से मां और दो बेटियों की मौत

विज्ञापन

बाबरी थाना क्षेत्र के गांव कैड़ी में बुधवार देर रात एक मकान में आग लगने और गैस सिलिंडर में विस्फोट होने से मां और उसकी दो बेटियों की मौत हो गई। हादसा रात करीब 12 बजे हुआ। आग की चपेट में आने से मकान की छत भी गिर गई, जिसके नीचे तीनों दब गईं। दूसरे कमरे में सो रहे पिता और उनके दो बेटे शोर सुनकर किसी तरह बाहर निकल आए और उनकी जान बच गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। तीनों को मलबे से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे का 17 सेकेंड का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आग लगने के बाद सिलिंडर में जोरदार विस्फोट होता दिखाई दे रहा है।

विज्ञापन

सहारनपुर: पुलिसकर्मियों से मारपीट, महिलाओं और बच्चों ने भी जड़े थप्पड़

सहारनपुर के कोर्ट रोड पुल पर बुधवार देर रात घुमंतू जाति के दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। झगड़े की सूचना पर कानून व्यवस्था संभालने और दोनों पक्षों को शांत कराने पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ ही लोगों ने हाथापाई शुरू कर दी। आरोप है कि महिलाओं और बच्चों ने भी एक पुलिसकर्मी को थप्पड़ मारे। घटना के दौरान मौके पर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

मुजफ्फरनगर: पूर्व विधायक शाहनवाज राना और दो बेटों पर प्राथमिकी

मुजफ्फरनगर में 75 लाख रुपये के स्क्रैप और स्पंज आयरन का भुगतान नहीं करने के आरोप में पूर्व विधायक शाहनवाज राना और उनके दो बेटों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता जितेंद्र चौधरी का आरोप है कि पूर्व विधायक ने खुद को फैक्टरी मालिक बताकर उनसे लोहे के स्क्रैप और स्पंज आयरन की सप्लाई कराई थी। 20 दिन में भुगतान करने का भरोसा दिया गया, लेकिन रकम नहीं चुकाई गई। शिकायतकर्ता की याचिका पर कोर्ट के आदेश के बाद नई मंडी कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।

मेरठ: मिड डे मील की थाली की होगी डिजिटल निगरानी

मेरठ के परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को मिलने वाले मिड डे मील की निगरानी अब डिजिटल तरीके से होगी। शासन ने भोजन की गुणवत्ता और वितरण की वास्तविक स्थिति जानने के लिए नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत प्रधानाध्यापकों को प्रतिदिन प्रेरणा डिजिटल रजिस्टर एप पर भोजन की थाली और खाना खाते बच्चों की अधिकतम पांच तस्वीरें अपलोड करनी होंगी। सोमवार को वितरित होने वाले फल और बुधवार को दिए जाने वाले दूध की तस्वीरें भी एप पर दर्ज करनी होंगी। इसका उद्देश्य भोजन वितरण में पारदर्शिता बढ़ाना और अनियमितताओं पर अंकुश लगाना है।

मेरठ: मेले में युवतियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, वीडियो वायरल

लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में लगे मेले में युवतियों के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में कुछ युवक युवतियों को दौड़ाकर पीटते नजर आ रहे हैं। घटना के दौरान पुलिसकर्मी दिखाई नहीं देने पर मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे हैं। सीओ कोतवाली संग्राम सिंह के मुताबिक, पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है।

मेरठ: एमडीए में किसानों का धरना जारी, महापंचायत की चेतावनी

मेरठ में संयुक्त किसान संघर्ष समिति के किसानों का एमडीए परिसर में धरना जारी है। किसान अपनी मांगों के समाधान की मांग कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो आने वाले दिनों में महापंचायत आयोजित की जाएगी और शहर को जाम किया जाएगा।

मेरठ: 26 नवंबर को पहुंचेगी गुरु रविदास जयंती की समरसता यात्रा

संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में प्रस्तावित सामाजिक समरसता यात्रा 26 नवंबर को मेरठ पहुंचेगी। यात्रा बागपत से होते हुए मेरठ में प्रवेश करेगी। शताब्दीनगर में माधव कुंज के सामने विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी, जिसमें 20 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने का अनुमान है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की संभावना जताई गई है, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। यात्रा में शामिल लोग रात में मेरठ में प्रवास करेंगे और 27 नवंबर को हापुड़ के लिए रवाना होंगे।

शामली: कांधला में वाहन चोर गिरोह का खुलासा, 15 वाहन बरामद

शामली के कांधला में पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर 14 मोटरसाइकिल और एक स्कूटी समेत कुल 15 वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी के वाहनों को ग्राम गढ़ीरामकौर स्थित नहर पटरी के पास सिंचाई विभाग के खंडहर में छिपाकर रखते थे। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, 12 नवंबर को कांधला कस्बे में शुक्रों वाली मस्जिद के पास और 25 अगस्त को गढ़ी अब्दुल्ला खां गांव से बाइक चोरी हुई थी। दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

मेरठ: सेंट्रल मार्केट में ध्वस्तीकरण के बाद पुनर्वास का मुद्दा गरमाया

शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के बाद प्रभावित मकान मालिकों और व्यापारियों के पुनर्वास का मुद्दा फिर चर्चा में है। गुरुवार को गढ़ रोड स्थित होटल सम्राट स्वीट में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुनर्वास और आवासीय भवनों के नियमितीकरण को लेकर जानकारी दी गई। प्रेस विज्ञप्ति में दावा किया गया कि आवास एवं विकास परिषद की शास्त्रीनगर आवासीय योजना में व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स और स्थल निर्धारित होने के बावजूद कुछ लोगों ने आवासीय मकानों में बिना अनुमति व्यावसायिक गतिविधियां शुरू कीं। वरिष्ठ अधिवक्ता ज्ञानेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि ऐसे प्रतिष्ठानों को पानी और बिजली के कनेक्शन सहित जनोपयोगी सुविधाएं भी मिलती रहीं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुपालन, प्रभावित लोगों के पुनर्वास और उत्तर प्रदेश शासन की 22 सितंबर 2026 को जारी नियमितीकरण पॉलिसी पर भी चर्चा हुई।

मेरठ का मौसम: सुबह-शाम स्मॉग, दिन में धूप से राहत; AQI 193

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सुबह और शाम के समय स्मॉग का असर महसूस किया जा रहा है, जबकि दिन में तेज धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है। बुधवार को मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 193 दर्ज किया गया। बागपत में यह 209 और गाजियाबाद में 228 रहा, जबकि मुजफ्फरनगर में AQI 127 दर्ज किया गया। रात का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने से ठंड बढ़ रही है। सुबह और देर रात बाहर निकलने वालों को ठिठुरन का अधिक एहसास हो रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed