फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   West UP News: Meerut Traders Protest Sealing Action, Reward on Badan Singh Baddo’s Son; Major Crime, Accident

वेस्ट यूपी से खास खबरें: मेरठ में सीलिंग पर व्यापारियों का हंगामा, बद्दो के बेटे समेत 9 पर इनाम

Wed, 21 Oct 2026 05:40 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Wed, 21 Oct 2026 05:40 PM IST
सार

वेस्ट यूपी की बड़ी खबरें: मेरठ में सीलिंग-ध्वस्तीकरण पर व्यापारियों का विरोध, बदन सिंह बद्दो के बेटे समेत नौ अपराधियों पर इनाम, बागपत हत्याकांड का खुलासा, शामली हादसा और बिजनौर किसान महापंचायत की प्रमुख खबरें।

विज्ञापन
West UP News: Meerut Traders Protest Sealing Action, Reward on Badan Singh Baddo’s Son; Major Crime, Accident
Meerut बुलेटिन में प्रमुख खबरों पर नज़र, मेरठ समेत आसपास के शहरों के बड़े अपडेट्स - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बुधवार को अपराध, व्यापारियों के विरोध, किसान आंदोलन और सड़क हादसों से जुड़ी कई खबरें सुर्खियों में रहीं। मेरठ में सीलिंग और ध्वस्तीकरण के मुद्दे पर व्यापारियों ने अधिकारियों से सवाल किए और 15 नवंबर को बड़े आंदोलन की चेतावनी दी। वहीं, कुख्यात बदन सिंह बद्दो के बेटे सिकंदर समेत नौ अपराधियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। बागपत में किसान प्रमोद हत्याकांड में पत्नी और उसके कथित प्रेमी की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई।

विज्ञापन


सीलिंग-ध्वस्तीकरण मामला: अधिकारियों से भिड़े व्यापारी, जवाबों से असंतुष्ट; 15 नवंबर को बड़े आंदोलन की चेतावनी
शहर में संपत्तियों की सीलिंग और सेंट्रल मार्केट में ध्वस्तीकरण के मुद्दे पर व्यापारियों की नाराजगी बढ़ती जा रही है। संयुक्त मेरठ बचाओ आंदोलन समिति की ओर से हापुड़ रोड स्थित फेमस प्लाजा में आयोजित बैठक में व्यापारियों ने अधिकारियों से सवाल-जवाब किए।
विज्ञापन


व्यापारियों ने पूछा कि विभाग किस आधार पर कार्रवाई करेगा और संपत्तियों के वैध या अवैध होने का निर्धारण कैसे किया जा रहा है। बैठक में एमडीए की ओर से पहुंचे अधिकारी पवन कुमार शर्मा ने सवालों के जवाब दिए, लेकिन व्यापारी संतुष्ट नहीं हुए। समिति की मांग के बावजूद कई वरिष्ठ अधिकारी बैठक में नहीं पहुंचे। इसके बाद रविंद्र गुर्जर ने 24 अक्टूबर को प्रस्तावित आंदोलन को स्थगित कर अब 15 नवंबर को बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी।
विज्ञापन
विज्ञापन


यह भी पढ़ें: प्रमोद हत्याकांड: कातिल पत्नी का कबूलनामा, शराब में नशे की गोलियां मिलाईं, प्रेमी से कराई किसान पति की हत्या

Trending Videos

बागपत के प्रमोद हत्याकांड में खुलासा, कातिल पत्नी ने कबूला जुर्म  , शराब में नशे की गोलियां मिलाईं, प्रेमी से कराई किसान पति की हत्या
बागपत के बड़ौत क्षेत्र के कोताना गांव में किसान प्रमोद (44) की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी उर्मिला और बाइक मिस्त्री सिकंदर उर्फ काला को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, उर्मिला और सिकंदर के बीच वर्ष 2024 से प्रेम प्रसंग था। प्रमोद को इसकी जानकारी हुई तो वह विरोध करने लगा। इसके बाद दोनों ने उसकी हत्या की साजिश रची।

पुलिस का कहना है कि रविवार रात रामलीला देखने के दौरान सिकंदर ने प्रमोद को नलकूप पर शराब पीने के लिए बुलाया। वहां उसकी शराब में नशे की गोलियां मिलाईं और नशा होने पर बोतल से सिर पर कई वार किए। इसके बाद गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को करीब 150 मीटर दूर गन्ने के खेत में फेंक दिया। पुलिस के अनुसार, उर्मिला व्हाट्सएप पर सिकंदर से घटना की जानकारी लेती रही। कॉल डिटेल के आधार पर पूछताछ में मामले का खुलासा हुआ। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।

मेरठ: सपा विधायक शाहिद मंजूर और आसा के बाबर चौहान में झड़प, पढ़ें-पोस्टमार्टम हाउस पर क्यों भिड़े दोनों नेता
मेडिकल कॉलेज स्थित पोस्टमार्टम हाउस पर मंगलवार देर रात समाजवादी पार्टी के विधायक शाहिद मंजूर और आजाद समाज पार्टी के नेता बाबर चौहान खरदौनी के बीच तीखी झड़प हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शवों के पोस्टमार्टम के क्रम से जुड़ी फाइल को आगे-पीछे कराने को लेकर शुरू हुआ विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया। घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। बाबर चौहान ने भी विवाद की पुष्टि की है।

Baghpat Accident: भैंसा-बुग्गी से टकराई बाइक, सागर की मौत; रोहित की हालत गंभीर, मेरठ से दिल्ली रेफर
बागपत के चमरावल चौराहे के पास मंगलवार देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक ललियाना गांव में दशहरे का मेला देखकर अपने घर ढिकौली लौट रहे थे। रास्ते में स्कूल के सामने उनकी बाइक आगे चल रही ऊंट-बुग्गी से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि सागर बाइक से उछलकर सड़क किनारे खेत में बने गड्ढे में जा गिरा, जबकि रोहित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस दोनों को पिलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां से उन्हें मेरठ रेफर किया गया।

शामली में हादसा: पानीपत बाईपास फ्लाईओवर पर पलटी स्कॉर्पियो, चालक संदीप समेत दो की मौत; दो युवक गंभीर
शामली के कैराना क्षेत्र में पानीपत बाईपास फ्लाईओवर पर बृहस्पतिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पानीपत की ओर से तेज गति से आ रही स्कॉर्पियो एन गाड़ी डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टक्कर के बाद गाड़ी ने कई बार पलटे खाए। हादसे में स्कॉर्पियो चालक संदीप कुमार दुहन और अंकित निवासी  हरियाणा की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक मेजर और आतिश गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी है। 

मेरठ: कुख्यात बदन सिंह बद्दो के बेटे सिकंदर समेत 9 अपराधियों पर 50-50 हजार का इनाम, डीआईजी ने की घोषणा
कुख्यात अपराधी बदन सिंह बद्दो के बेटे सिकंदर समेत नौ अपराधियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने इन अपराधियों पर इनाम की घोषणा की। जानकारी के मुताबिक, सिकंदर मेरठ के टीपीनगर क्षेत्र के बेरीपुरा का रहने वाला है। इनाम घोषित किए गए नौ अपराधियों में मेरठ के पांच, बागपत के दो और बुलंदशहर व हापुड़ के एक-एक अपराधी शामिल हैं।

बिजनौर किसान महापंचायत: राकेश टिकैत बोले-जमीन के बैनामे नहीं, मुआवजे के लिए आंदोलन करो; किसानों से एकजुट रहने की अपील

बिजनौर जनपद के नुमाइश ग्राउंड में  किसान महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत पहुंचे। उनके पहुंचने पर संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान उन्हें सिक्कों से तौला गया। महापंचायत में इससे पहले किसान नेताओं ने बढ़ती महंगाई के मद्देनजर गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल घोषित कराने, बकाया भुगतान, हाईवे में जाने वाली जमीन के सर्किल रेट और औद्योगिक गलियारे से जुड़े मुद्दे उठाए। इसके अलावा फसलों के मुआवजे की मांग भी पंचायत में रखी गई।

महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने जमीन के उचित मुआवजे को लेकर किसानों से एकजुट होकर आंदोलन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसान जमीन के बैनामे करने के बजाय अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करें, ताकि उन्हें सर्किल रेट के अनुसार उचित मुआवजा मिल सके।

टिकैत ने हाईवे और इंडस्ट्रियल एरिया के लिए जमीन देने से पहले किसानों से अपने अधिकारों की आवाज उठाने का आह्वान किया। उन्होंने केंद्र सरकार पर किसानों को भूमिहीन बनाने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया और किसान संगठनों में गुटबंदी खत्म कर एकजुटता बनाए रखने पर जोर दिया।

राकेश टिकैत ने जमीन के मुआवजे का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे जमीन के बैनामे करने के बजाय अपने अधिकारों के लिए आंदोलन करें।

टिकैत ने कहा कि किसानों को अपनी जमीन के उचित मुआवजे के लिए एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए। उनके मुताबिक, किसानों को सर्किल रेट के अनुसार मुआवजा दिलाने के लिए सामूहिक संघर्ष जरूरी है। उन्होंने किसानों से जमीन से जुड़े मामलों में अपने हितों को ध्यान में रखते हुए संगठित रहने का आह्वान किया।


 Muzaffarnagar: रोहन राठी हत्याकांड के खुलासे की मांग, SSP कार्यालय पर भाकियू टिकैत का धरना
मुजफ्फरनगर में रोहन राठी हत्याकांड का खुलासा कराने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने एसएसपी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुरकाजी थाना क्षेत्र के हरेंटी गांव निवासी रोहन राठी की हत्या के मामले में भाकियू कार्यकर्ताओं ने पुलिस से जल्द खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग उठाई। धरने के जरिए संगठन ने मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
 

Bijnor: दशहरा मेला देखकर लौट रहे 3 किशोरों पर गुलदार का हमला, दो घायल; लक्की की सूझबूझ से बची जान
बिजनौर के बढ़ापुर क्षेत्र में दशहरा मेला देखकर बाइक से घर लौट रहे तीन किशोरों पर गुलदार ने हमला कर दिया। मंगलवार रात करीब सात बजे मिट्ठूपुर में लेबडे के पुल के पास हुई इस घटना में दो किशोर घायल हो गए। बाइक चला रहे 17 वर्षीय लक्की ने घबराने के बजाय सूझबूझ दिखाई और बाइक की रफ्तार बढ़ाकर बिना रोके आगे निकल गया। गुलदार के पंजे लगने से यश और रेहान के पैरों में चोटें आईं। दोनों को उपचार के लिए नगीना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में गुलदार की मौजूदगी को लेकर लोगों में दहशत है। बाइक सवार लक्की ने दावा किया कि वहां चार गुलदार थे।

Meerut: दुर्गाबाड़ी में सिंदूर खेला की धूम, 220वें दुर्गा पूजा महोत्सव में दिखा बंगाली संस्कृति और नारी शक्ति का संगम
मेरठ की बंगाली दुर्गाबाड़ी समिति में 220वें दुर्गा पूजा महोत्सव के अंतर्गत विजयादशमी पर पारंपरिक सिंदूर खेला का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। इस दौरान महिलाओं ने मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित कर सुख, सौभाग्य, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। लाल सिंदूर के रंगों से सजे इस आयोजन में बंगाली संस्कृति की झलक देखने को मिली।  

मेरठ में अखंड भारत रैली: कैलाश प्रकाश स्टेडियम में तिरंगा लेकर उतरे युवा, भारत माता के जयकारों से गूंजा मैदान
मेरठ के कैलाश प्रकाश स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुभारती यूनिवर्सिटी की ओर से अखंड भारत रैली का आयोजन किया गया। रैली में छात्र-छात्राओं ने तिरंगा लहराते हुए भारत माता के जयकारे लगाए। देशभक्ति गीतों से पूरा माहौल राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग गया। युवाओं के उत्साह और जोश के बीच आयोजित रैली ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया।

वेस्ट यूपी में मौसम: दिन में तेज धूप से गर्मी, सुबह-शाम बढ़ी ठंडक; दीपावली तक बढ़ सकता है प्रदूषण
मेरठ में अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में मौसम का मिजाज बदल रहा है। दिन में तेज धूप निकलने से गर्मी का अहसास हो रहा है, जबकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक बढ़ने लगी है। दिन का अधिकतम तापमान अभी भी 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है, वहीं रात के तापमान में गिरावट के कारण मौसम ठंडा महसूस हो रहा है। 
दिन और रात के तापमान में बढ़ते अंतर से मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। दूसरी ओर, शहर के विभिन्न इलाकों में वायु प्रदूषण का स्तर भी धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। दीपावली तक प्रदूषण और बढ़ने की आशंका है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed