Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   West UP News Bulletin: First Seasonal Fog, Fake Currency Case, Clashes and School Updates

वेस्ट यूपी से खास खबरें: सीजन का पहला कोहरा, जानिए मौसम से लेकर अपराध और शहर की हलचल

Sat, 31 Oct 2026 05:09 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Sat, 31 Oct 2026 05:09 PM IST
सार

वेस्ट यूपी में सीजन का पहला कोहरा छाया। सहारनपुर में PNB के 14 कर्मचारियों का तबादला, बागपत में फायरिंग, मेरठ में पुलिस जागरूकता कार्यक्रम और मुजफ्फरनगर में छात्र की मौत समेत सात प्रमुख खबरें पढ़ें।

विज्ञापन
West UP News Bulletin: First Seasonal Fog, Fake Currency Case, Clashes and School Updates
वेस्ट यूपी से खास खबरें, मेरठ न्यूज बुलेटिन - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

1. वेस्ट यूपी में सीजन का पहला कोहरा, सहारनपुर में दृश्यता 100 मीटर

विज्ञापन

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दो दिन की बारिश और बूंदाबांदी के बाद शनिवार सुबह मौसम का मिजाज बदल गया। सहारनपुर, शामली और बागपत में सीजन का पहला कोहरा छाया। सुबह शहरों से लेकर देहात तक धुंध की चादर दिखाई दी। सहारनपुर में दृश्यता घटकर करीब 100 मीटर रह गई।

कोहरे के कारण हाईवे और ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर वाहन चालकों को परेशानी हुई। चालक हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर धीमी गति से वाहन चलाते नजर आए। दो दिन पहले हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट से सुबह और शाम की ठंड भी बढ़ गई है।
विज्ञापन




2. सहारनपुर करेंसी चेस्ट में 17.29 करोड़ के जाली नोट, PNB के 14 कर्मचारियों का तबादला
सहारनपुर की पंजाब नेशनल बैंक (PNB) करेंसी चेस्ट में 17.29 करोड़ रुपये के जाली नोट मिलने के मामले में बैंक स्तर पर कार्रवाई हुई है। करेंसी चेस्ट और पीएनबी के कुल 14 कर्मचारियों को दक्षिण भारत के अलग-अलग क्षेत्रों में स्थानांतरित किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


मामले की जांच पहले एसआईटी कर रही थी, लेकिन तीन सितंबर को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने जांच अपने हाथ में ले ली थी। एनआईए अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। हालांकि, इतनी बड़ी मात्रा में जाली नोट करेंसी चेस्ट तक कैसे पहुंचे, इसका स्रोत अभी सामने नहीं आया है।

Trending Videos

3. बागपत में ट्रैक्टर हटाने को लेकर दो पक्ष भिड़े, फायरिंग में एक घायल
बागपत के बड़ौत क्षेत्र के सुल्तानपुर हटाना गांव में ट्रैक्टर हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद एक पक्ष ने दूसरे पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस दौरान पथराव और फायरिंग भी हुई।

गोली लगने से 45 वर्षीय हरवीर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें चिंताजनक हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना में 10 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी है। दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी ली।

4. इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर मेरठ में कांग्रेस नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
मेरठ के शास्त्री नगर स्थित के-ब्लॉक में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। अल्पसंख्यक कांग्रेस के जिला अध्यक्ष इंतजार अली ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और देश के प्रति उनके योगदान और सेवाओं को याद किया। इस अवसर पर कांग्रेस नेता हेमंत प्रधान, एसके शाहरुख प्रधान, ताहिर अंसारी, अमित गुप्ता और अंशु शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

5. 'दोस्त पुलिस' अभियान: सरधना कोतवाली पहुंचीं जैन गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राएं
अमर उजाला के 'दोस्त पुलिस' अभियान के तहत आचार्य नमि सागर जैन गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने शनिवार को सरधना कोतवाली का भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया, शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखने और महिला सुरक्षा से जुड़े अधिकारों की जानकारी दी गई।

सीओ आशुतोष कुमार ने छात्राओं को पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई। महिला उपनिरीक्षक ज्योति सिंह ने साइबर ठगी और डिजिटल सुरक्षा के बारे में जागरूक किया, जबकि महिला उपनिरीक्षक प्रतिभा ने महिला सुरक्षा के उपाय बताए। प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार मिश्रा ने कोतवाली के विभिन्न विभागों और उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी दी। छात्राओं ने पुलिसकर्मियों से सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।

6. हस्तिनापुर थाने में छात्र-छात्राओं ने देखा प्रधानमंत्री के परेड कार्यक्रम का सीधा प्रसारण
मेरठ के हस्तिनापुर थाने में शनिवार को पुलिस विभाग की ओर से प्रधानमंत्री के परेड कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। इसमें राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं और ट्रांसलम एकेडमी के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

छात्र-छात्राओं ने प्रधानमंत्री का संबोधन और परेड देखकर देश की सैन्य शक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय गौरव से जुड़े पहलुओं को जाना। थाना प्रभारी दुष्यंत शर्मा ने विद्यार्थियों को कार्यक्रम का महत्व बताया। इस दौरान पुलिसकर्मी और विद्यालयों के शिक्षक भी मौजूद रहे।

7. बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर दो ईको कारों की टक्कर, एक पलटी; दो घायल
बागपत के बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर शुक्रवार शाम दो ईको कारों की टक्कर हो गई। भड़ल गांव के सीएनजी पंप से गैस भरवाकर सड़क पर निकल रही एक ईको कार को बड़ौत की ओर से आ रही दूसरी कार ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद एक कार सड़क पर पलट गई। हादसे में दो लोग घायल हुए।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

मुजफ्फरनगर: स्कूल में खेलते समय गिरा कक्षा चार का छात्र, अस्पताल में मौत
मुजफ्फरनगर के प्राथमिक विद्यालय रायपुर नंगली में शनिवार को खेलते समय कक्षा चार का 10 वर्षीय छात्र निहाल अचानक गिर गया। शिक्षक और ग्रामीण उसे पहले स्थानीय डॉक्टर के पास ले गए। हालत गंभीर होने पर उसे बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

स्कूल में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती मनाने के बाद बच्चे मैदान में खेलने लगे थे। इसी दौरान ग्रामीण प्रमोद कुमार का बेटा निहाल अन्य बच्चों के साथ दौड़ रहा था। अचानक गिरने पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन बचाया नहीं जा सका। पिता प्रमोद कुमार के अनुसार, डॉक्टरों ने हृदय गति रुकने को मौत की वजह बताया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed