Weather Update: अगले दो दिन बिगड़ा रहेगा मौसम, मेरठ समेत कई जिलों में बारिश, शामली में बिजली गिरने से झुलसा युवक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मौसम वैज्ञानिकों के पूर्वानुमान के अनुसार मई के पहले हफ्ते में पश्चिमी यूपी समेत पूरे उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट बदल ली है। मेरठ में रविवार को जहां कई क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई, वहीं शामली में रविवार को हुई जोरदार बारिश के साथ तेज आंधी चली।
यहां कैराना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक झुलस गया। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो अभी पांच मई तक मौसम के ऐसे ही बने रहने के आसार है। कई जिलों में तेज अंधड़ और गरज के साथ बारिश के आसार हैं। उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम परिवर्तन की संभावना जताई गई है।
मेरठ में शनिवार को शहर व देहात के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। रविवार सुबह भी शहर के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। आसपास के जिलों में भी तेज आधी चली। सहारनपुर, बागपत, मुजफरनगर समेत कई जगह गरज के साथ बारिश हुई। मौसम में हो रहे बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
शामली में तेज बारिश कैराना में बिजली गिरने से युवक झुलसा
शामली में शनिवार देर रात अचानक मौसम बदला और कई जगह पर तेज बारिश हुई। कैराना में गांव झाड़ खेड़ी में अचानक गड़गड़ाहट की आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली शिवकुमार के आवास पर गिरी जिससे छत पर सो रहा शिव कुमार का 20 वर्षीय पुत्र आकाश गंभीर रूप से झुलस गया। परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल युवक की हालत ठीक है।
शनिवार रात शामली और आसपास तेज हवाएं चलने लगी। कुछ देर बाद तेज बारिश शुरू हो गई जो करीब आधे घंटे चली। बारिश से गेहूं की फसल को नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है खेतों में गेहूं की कटाई का काम चल रहा है वह भी बुरी तरह प्रभावित हो जाएगा।
पांच मई तक मौसम में बना रहेगा उतार चढ़ाव
वैज्ञानिकों के अनुसार अप्रैल माह में तापमान के साथ- साथ मौसम में भी उतार- चढ़ाव का सिलसिला लगातार बना रहा। मई माह के पहले सप्ताह तक मौसम ऐसा ही बना रहने की संभावना है। अप्रैल माह के शुरू में जहां तापमान में उछाल दर्ज किया गया, वहीं माह के अंत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम में ठंडक बनी हुई है।
आईआईएफएसआर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन. सुभाष के अनुसार मौसम का मिजाज बदला है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अभी पांच मई तक मौसम बदला रहेगा। बारिश व आंधी के आसार बने हैं। जिससे तापमान गिरेगा।