तबरेज अंसारी की हत्या के विरोध में जुलूस निकालने पर जबरदस्त हंगामा, लाठीचार्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
झारखंड में मॉब लिंचिंग की घटना को लेकर रविवार शाम मेरठ शहर में बखेड़ा हो गया। प्रशासन की बिना अनुमति के पहले तो युवा सेवा समिति के बैनर तले फैज-ए-आम इंटर कॉलेज में सभा की गई। उसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने जबरन जुलूस निकाला। पुलिस फोर्स ने कई जगह जुलूस को रोकने की कोशिश की। भीड़ ने पुलिस से हाथापाई कर पथराव कर दिया। जिसके बाद फोर्स ने भीड़ पर लाठीचार्ज कर दिया। घटना के बाद एसएसपी भारी फोर्स के साथ पहुंचे और किसी तरह स्थिति पर काबू पाया।
मॉब लिंचिंग के विरोध में रविवार को फैज-ए-आम कॉलेज में युवा सेवा समिति अध्यक्ष बदर अली की ओर से सभा का आयोजन कर हापुड़ अड्डा चौराहा तक जुलूस निकालने का कार्यक्रम तय किया गया था। जिसके लिए प्रशासन से अनुमति मांगी गई थी। लेकिन वर्तमान माहौल और धारा 144 का हवाला देते हुए प्रशासन ने अनुमति नहीं दी। इसके बाद बदर अली ने एलान किया वह जुलूस नहीं निकालेंगे। लेकिन फैज-ए-आम इंटर कॉलेज के मैदान में शोक सभा आयोजित करेंगे। इस पर भी प्रशासन ने इनकार कर दिया। इसके बाद फैज-ए-आम के बाहर दोपहर से ही पुलिस तैनात कर दी गई। लेकिन बदर अली के एलान पर बड़ी संख्या में लोग फैज-ए-आम कॉलेज पहुंचे और वहां जनसभा की। जैसे ही अफसरों को पता चला कि सभा में भीड़ जुट गई है तो सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला, एएसपी रामअर्ज और कई थानों की फोर्स वहां पहुंच गई। कॉलेज की घेराबंदी कर जुलूस न निकालने की अपील की। एसओ सदर विजय गुप्ता लाउड स्पीकर से भीड़ को समझाने में लगे रहे। लेकिन पुलिस फोर्स कम होने के कारण भीड़ नहीं रुकी और हापुड़ अड्डा चौराहा की तरफ कूच कर दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने रोकने का भी प्रयास किया। लेकिन भीड़ उन्हें धकियाते हुए आगे बढ़ गई।
जुलूस शुरू होने की सूचना कंट्रोल रूम को दी गई और पूरे शहर की फोर्स बुला ली गई। लोग हाथ में तिरंगा व काले झंडे लेकर चलते रहे। फैज-ए- आम से जली कोठी, खैरनगर, बुढ़ाना गेट की तरफ जुलूस बढ़ने लगा। इंदिरा चौक पर पुलिस, पीएसी और आरआरएफ ने जुलूस रोकने की कोशिश की तो कुछ लोगों ने सीओ से हाथापाई कर दी। जैसे ही पुलिस पर पथराव शुरू हुआ तो एसपी सिटी एएन सिंह ने लाठीचार्ज कर दिया। बखेड़े की सूचना पर एसएसपी नितिन तिवारी, एसपी क्राइम डॉ. बीपी अशोक, एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेयी, एसपी देहात अविनाश पांडेय और शहर के सभी सीओ और इंस्पेक्टर मौके पर पहुंच गए। भीड़ द्वारा पथराव और भगदड़ में कई लोग घायल हो गए। पांच पुलिसकर्मियों को भी चोट लगी।
एसएसपी ने किसी तरह भीड़ को संभाला और अपने-अपने घर जाने के लिए कहा। इस दौरान पुलिस से हाथापाई और पथराव करने वाले एक दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया गया। घटना के बाद शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में फोर्स तैनात करते हुए सुरक्षा कड़ी कर दी गई। जिसके बाद फोर्स ने पैदल मार्च निकाला। पुलिस ने 70 नामजद समेत एक हजार लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
किसी तरह संभाली स्थिति
धारा 144 लागू है। फैज-ए-आम कॉलेज में बिना अनुमति सभा की गई। उसके बाद जबरन जुलूस निकालने की कोशिश की गई। पुलिस के रोकने पर कुछ लोगों ने पथराव किया। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला। प्रह्लाद नगर प्रकरण से इसका कोई मतलब नहीं है। यह झारखंड में हुई मॉब लिंचिंग से जुड़ा मामला है। मुकदमा लिखकर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। - नितिन तिवारी, एसएसपी
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/