विक्की हत्याकांड: भाई को मारने का आरोपी को नहीं अफसोस, बोला-घर की महिलाओं पर रखता था बुरी नजर, मार दिया
मेरठ के सुपरटेक ग्रीन विलेज में ट्रांसपोर्टर के बेटे की सिर पर वार कर हत्या कर दी गई।विक्की शर्मा ई-502 फ्लैट में सोफे पर मृत मिला। पुलिस ने मामले में सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
विस्तार
मेरठ के सुपरटेक ग्रीन विलेज के ई-502 फ्लैट में रविवार को हुई ट्रांसपोर्टर सुनील शर्मा के बेटे विक्की शर्मा की हत्या के मामले में बड़े भाई रिंकू शर्मा को पुलिस ने जेल भेज दिया है। पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो उसमें रिंकू के अलावा कोई फ्लैट की तरफ आता-जाता नहीं दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने रिंकू से पूछताछ की तो इधर-उधर की बात करते हुए बार-बार बयान बदलता रहा। पुलिस ने सख्ती से पूछा तो उसने पूरी घटना को कबूल कर लिया और तमंचे से गोली मारकर भाई की हत्या की बात कबूली है। आरोपी ने अपने एक दोस्त से तमंचा लिया था।
पुलिस की पूछताछ में रिंकू ने बताया कि दो गोली सिर में और दो गोली पेट में सटाकर मारी। रिंकू ने बताया कि मैंने अपने भाई को मारने के लिए तमंचा लिया। जब घर पर छोटा भाई अकेला था, तभी मैं ट्रांसपोर्ट से घर आया और उसको चार गोली मारीं।
गोली चलने की आवाज न हो, इसलिए दो गोली सिर में और दो गोली पेट में सटाकर मारी। मैंने पलंग पर बैठे-बैठे ही छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। बाद में उसके कत्ल की झूठी कहानी पुलिस और पिता को सुना दी थी। पुलिस ने रिंकू की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल अवैध तमंचा भी घर के पास गैराज से बरामद किया है।
पिता बोले- रिंकू तूने क्या कर दिया मैं तो बर्बाद हो गया
पुलिस ने पिता सुनील शर्मा की मुलाकात रिंकू से कराई। पिता फूट-फूटकर रोने लगे। उन्होंने बिलखते हुए कहा- रिंकू यह तूने क्या कर दिया, मैं तो बर्बाद हो गया। दरअसल रिंकू की इस कहानी बनाने के पीछे मकसद यह था कि वह बहन यशोदा के ससुराल वालों पर हत्या का आरोप डालना चाहता था। ऐसा करने में वह कामयाब नहीं हुआ।
तमंचे से गोली चलाई और नहीं आई फ्लैट में आवाज
पुलिस पूछताछ में रिंकू ने बताया कि उसने चार गोली चलाकर विक्की की हत्या कर दी। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि चार गोली फ्लैट में चलीं। इसके बावजूद पड़ोसी और सामने फ्लैट में रहने वाले लोगों को इसकी आवाज तक सुनाई नहीं दी। यह सबसे बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है।
छोटे भाई की हत्या का रिंकू को जरा भी पछतावा या अफसोस नहीं था। ब्रह्मपुरी पुलिस ने बताया कि पूछताछ में रिंकू ने बताया कि विक्की परिवार की महिलाओं पर बुरी नजर रखता था, जिसको लेकर उसको कई बार समझाया था लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई।