यूपी: सरकारी नौकरी ढूंढ रहे युवाओं को यूपीपीसीएल का बड़ा झटका, लिया ये निर्णय
बिजली विभाग के अधिकारियों का रुतबा देखकर सरकारी नौकरी पाने का सपना पाल रहे डिप्लोमा व डिग्री धारक इंजीनियरों और आईटीआई कर टीजी-2 बनकर सेवा करने वाले युवाओं को उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने झटका दे दिया है।
विभाग के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर ने प्रदेश की बिजली कंपनियों में अब रिटायर्ड अभियंताओं और बाबुओं को आउटसोर्सिंग के जरिये संविदा पर रखने का निर्णय लिया है। विभाग ने इस आशय का ज्ञापन निकालते हुए आउटसोर्स कंपनी मैसर्स श्रीट्रॉन इंडिया लिमिटेड को इसका ठेका भी दे दिया है।
यूपीपीसीएल के इस आदेश से अब रिटायर्ड अधिकारी व कर्मचारी न केवल विभाग से पेंशन भी लेते रहेंगे बल्कि संविदा का मोटा पारिश्रमिक भी लेंगे। ऐसे में विभाग को कर्मचारियों की कमी महसूस नहीं होगी और नई भर्ती की गुंजाइश भी खत्म हो जाएगी।
टीजी-2 और कार्यालय सहायक पद की नौकरियों के लिए हजारों युवा आवेदन करते हैं। इसके अलावा अवर अभियंता और सहायक अभियंता के लिए इंजीनियरिंग डिप्लोमा और डिग्रीधारी युवा परीक्षा में बैठते हैं। लेकिन यूपीपीसीएल ने बंद की गई रिटायर्ड अभियंताओं और कर्मचारियों की संविदा भर्ती को फिर से खोल दिया है।
पिछले माह 6 मार्च को कंपनी की बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की 145वीं बैठक में इस फैसले को हरी झंडी दे दी गई थी। कंपनी ने अब इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के उपक्रम मैसर्स श्रीट्रॉन इंडिया लिमिटेड को इसका जिम्मा सौंप दिया है। यह फर्म रिटायर्ड अभियंताओं और टीजी-2 आदि को आउटसोर्स के माध्यम से संविदा पर रखेगी। कंपनी ने इन अभियंताओं और कर्मचारियों को दिए जाने वाले मानदेय का स्लैब भी पास कर दिया है।
पीवीवीएनएल में नौकरी का बढ़ा क्रेज
कंपनी का पत्र पीवीवीएनएल को भी मिला है। प्रदेश की सभी पांचों बिजली कंपनियों में सर्वाधिक राजस्व अर्जित करने वाली पीवीवीएनएल में नौकरी का बड़ा क्रेज है। हर कोई अधिकारी इस कंपनी में तैनात होना चाहता है। रिटायर्ड होने के बाद संविदा पर भी इसी कंपनी में सबसे ज्यादा मारामारी मचने वाली है।
रिटायर्ड कर्मियों को मिलने वाला पारिश्रमिक
अनुसेवक तथा समकक्ष 12774
टीजी-2, कार्यालय सहायक, लाइनमैन 21665
अवर अभियंता, लेखाकार, आशुलिपिक 35683
सहायक अभियंता, निजी सचिव, लेखाधिकारी 45878
अधिशासी अभियंता, वरिष्ठ लेखाधिकारी 57348
अधीक्षण अभियंता, उप महाप्रबंधक लेखा 70092
मुख्य अभियंता ग्रेड 2 और समकक्ष 82836
मुख्य अभियंता ग्रेड 1 और समकक्ष 89208
अभी अवलोकन नहीं किया
अभी तक इस कार्यालय ज्ञाप का अवलोकन नहीं किया है। पूरे मामले की जानकारी करके ही कुछ कहा जा सकता है। -आशुतोष निरंजन, एमडी पीवीवीएनएल मेरठ