Meerut News Live: चंद्रशेखर पर हमला करने वाले 4 दबोचे, एप्रोच रोड मामले में गिरी गाज, पढ़ें ताजा खबरें
Meerut News Live : मेरठ-करनाल हाईवे पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है। यहां पढ़िए वेस्ट यूपी का पल-पल का अपडेट-
लाइव अपडेट
मोतियाबिंद के अब शामली में ही होंगे ऑपरेशन
इस मौके पर हॉस्पिटल चेयरमैन लायन अशोक मित्तल ने प्रगति रिपोर्ट से अवगत कराया कि अभी तक लायंस क्लब शामली द्वारा लगभग 35 हजार आपरेशन सफलता पूर्वक गाजियाबाद लायंस आई हॉस्पिटल में भेजकर कराए जा चुके हैं। अब यहां ऑपरेशन थियेटर शुरू होने से मरीजों को गाजियाबाद भेजने की आवश्यकता नही होगी।. उन्होंने बताया कि ऑपरेशन बिल्कुल निशुल्क किए जाते हैं। जिसमें गाजियाबाद आना जाना ,ऑपरेशन ,रहना ,खाना ,चश्मा एवं दवाई आदि सब कुछ फ्री होता है। हॉस्पिटल में आंखों की जांच के लिए आधुनिक मशीनों को स्थापित किया गया है।
संपूर्ण समाधान दिवस में कमिश्नर ने लापरवाह अधिकारियों को लगाई फटकार
शामली के कैराना में तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में सहारनपुर कमिश्नर ने आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही मिलने पर अधिकारियों को फटकार लगाई। इस दौरान उन्होंने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय पर समस्याओं करने के निस्तारण के कड़े निर्देश दिए। इस दौरान कुल 41 शिकायतें आई, जिनमें से चार का मौके पर निस्तारण किया गया। संपूर्ण समाधान दिवस में पांच अधिकारी अनुपस्थित मिलने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए गये हैं।
उन्होंने कहा कि अगर किसी फरियादी की सुनवाई एसडीएम स्तर से नहीं होती हैं तो वह डीएम कमिश्नर व अन्य उच्चाधिकारियों तक जाता हैं। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस पर आने वाली शिकायतों का संतोषजनक व निचले स्तर पर ही निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मौजूद अधिकारियों को फटकार लगाते हुए शासन के निर्देशानुसार ही फरियादियों की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने एवं कार्यशैली में सुधार लाने के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी कैराना, सहायक अभियंता ग्रामीण अभिकरण शामली, क्षेत्रीय वनाधिकारी कैराना, पशु प्रसार अधिकारी कैराना, सीडीपीओ कांधला अनुपस्थित मिले। जिनको कारण बताओ नोटिस भेजे गए हैं।
संपूर्ण समाधान दिवस में कमिश्नर के सामने गांव शेखुपुरा निवासी किसान राजकुमार ने कहा कि कमिश्नर साहब गांव में ही उसकी करीब 20 बीघा भूमि मौजूद हैं। जिसमें उसने ईख की फसल उगा रखी हैं। बताया गया हैं कि इंडस्ट्रियल एरिया में लगने वाली कुछ फैक्ट्रियों का प्रदूषित पानी उसकी ईख की फसल में भरा गया हैं। जिससे ईख की फसल गलकर नष्ट होती जा रहीं हैं। जिसके बाद कमिश्नर ने एसडीएम निकिता शर्मा को निर्देशित कर किसान की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
विद्युत सप्लाई ठीक कराने में एसडीओ के छूटे पसीने
संपूर्ण समाधान दिवस में जैसे ही कमिश्नर पहुंचे। उसी दौरान विद्युत सप्लाई न आने के कारण सभागार कक्ष में लगे एसी बंद हो गए। जिसके बाद एसडीओ ओपी बेदी संविदा कर्मियों के साथ तहसील परिसर के पीछे गए और विद्युत सप्लाई सुचारू कराने के कार्य में जुट गए। करीब एक घंटे बाद सभागार कक्ष की विद्युत सप्लाई चालू की गई। जिसके बाद एसी व पंखे चल हो सकें।
बागपत के अमीनगर सराय में सराय-बुढसेनी मार्ग पर श्मशान के निकट मेरठ से आ रहे उर्वरक से लदे ट्रक में शार्ट सर्किट से आग लगने पर करीब 11 लाख का यूरिया जल गया। आग की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने घंटो बाद आग पर काबू पाया।
मेरठ से कस्बा सराय स्थित हिसावदा सोसाइटी में आ रहे यूरिया से भरे ट्रक में शार्ट सर्किट से आग लग गई। जिसमें चालक व परिचालक ने भागकर अपनी जान बचाई। ग्रामीणों ने घटना की कस्बा चौकी पुलिस को दी और मौके पर पहुंची पुलिस ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इसके साथ ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। ट्रक ड्राइवर राजेंद्र पुत्र कल्याण निवासी धनपुरा मेरठ ने बताया कि बिजनौर निवासी अमित राणा पुत्र कल्याण के ट्रक में यूरिया बिजनौर से ला रहा था। वहीं, अमीनगर सराय स्थित सहकारी समिति में उतारना था। कस्बे से महज एक किलोमीटर की दूरी पर केबिन में शार्ट सर्किट की वजह से आग लगने पर पूरे ट्रक में आग लग गई और सारा उर्वरक जल गया। ड्राइवर ने बताया की करीब 11 लाख रुपये कीमत के 550 यूरिया के कट्टे जलकर खाक हो गए है। वहीं, पुलिस ने फायर ब्रिगेड की टीम के साथ ट्रक की आग पर काबू पाया और जांच में जुटी हुई है।
मंगल प्रवेश यात्रा में जेबकतरों ने सैकड़ो जैन श्रद्वालुओं को बनाया निशाना, लाखों की नगदी उड़ाई
बागपत जनपद के बड़ौत में नगर में दिगंबर जैन समाज के संत शिरोमणि आचार्य विशुद्ध सागर महाराज के ससंघ मंगल प्रवेश के दौरान शनिवार को जेबकतरों ने सैकडों जैन समाज के श्रद्वालुओं को अपना निशाना बताया और उनकी जेब से लाखों रुपये निकाल लिए। यात्रा समाप्ति होने पर समाज के लोगों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने डीजीपी और एसपी बागपत को पत्र लिखकर बड़ौत पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। आरोपियों को गिरफ्तार कर धनराशि बरामद किए जाने की मांग की। डीजीपी और बागपत एसपी को भेजे गए शिकायती पत्र में भाजपा विधि प्रकोष्ठ के पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद कुमार जैन एडवोकेट ने कहा कि शनिवार को जैनाचार्य के मंगल प्रवेश में बड़ौत कोतवाली पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था बिल्कुल खराब रही। जिस कारण जेबकतरों ने मंगल प्रवेश यात्रा में घुसकर एडवोकेट विनोद कुमार जैन 15 हजार रुपये, पूर्व जिला प्रचारक सुशील त्यागी के 12 हजार रुपये, प्रवीण जैन के 25 हजार रुपये, अतुल जैन के 65 हजार, लोकेश के 10 हजार सहित तकरीबन 80 से अधिक जैन समाज के लोगों के लाखों रुपये उड़ा लिए। पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में यह बड़ी चूक रही। इससे समाज के लोगों में बड़ौत कोतवाली पुलिस के प्रति आक्रोश पनपता जा रहा है। उन्होंने तत्काल प्रभाव से आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार करने और निकाली गई लाखों की धनराशि को बरामद किएं जाने की मांग की। हालांकि इंस्पेक्टर जनक सिंह चौहान ने बताया कि इस संबंध में अभी कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, शिकायत आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
सहारनपुर में नानौता से गांव लौट रहे बाइक सवार युवक अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक चालक की उपचार के लिए हाय सेंटर ले जाते समय मौत हो गई, जबकि घायल साथी को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
शुक्रवार की रात्रि लगभग 11 बजे थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर निवासी लगभग 30 वर्षीय ब्रजमोहन पुत्र सुरेश सैनी गांव के ही अपने एक साथी सचिन कुमार पुत्र तेजपाल के साथ नानौता से वापस अपने गांव लौट रहे थे, जैसे ही वह संजय चौक चौराहा से लगभग आधा किलोमीटर दूर रामपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर पहुंचे तो अज्ञात वाहन की चपेट में आकर अनियंत्रित होकर उनकी बाइक गिर गई। सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचे परिजन दोनों घायलों को हाय सेंटर ले जा रहे थे, इसी दौरान बाइक चालक ब्रज मोहन सैनी ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जबकि सचिन कुमार को अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रसैन सैनी ने बताया कि ब्रजमोहन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मेरठ को चांदपुर बिजनौर से जोड़ने वाले भीमकुंड गंगा पुल की एप्रोच रोड के कटान को रोकने में बरती गईं अनियमितता को देखते हुए शासन ने पीडब्ल्यूडी विभाग के दो अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर दी है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, पीडब्ल्यूडी के एसई और एक्सईएन पर कार्रवाई की गई है। एक्सआईएन को लखनऊ ऑफिस में अटैच किया गया है तो एसई का अन्य स्थान पर स्थानांतरण किया गया है। जानकारी के अनुसार, जिन अधिकारियों की तैनाती की गई है, उन्होंने ज्वाइन भी कर लिया है।
चंद्रशेखर पर हमला करने वाले चार आरोपी पकड़े
भीम आर्मी प्रमुख और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर पर हमला करने वाले चार आरोपियों को सहारनपुर पुलिस ने हरियाणा के अंबाला से पकड़ा है। बताया गया ये चारों आरोपी अंबाला कोर्ट में सरेंडर करने जा रहे थे।
बिजनौर में प्रेम संबंधों के चलते डंडों से पीट-पीटकर एक युवक की हत्या कर दी गई। हत्या करने के बाद शव को बोरी में भरकर गड्ढे में दबा दिया गया था। पिछले ढाई महीने से लापता चल रहे उक्त युवक के शव को पुलिस ने मालन नदी से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में पुलिस ने दो हत्यारोपी को भी गिरफ्तार किया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है।
बागपत में तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में समय से नहीं पहुंचने व अनुपस्थित रहने वाले 20 अधिकारियों का जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं। जिसमें जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला सेवायोजन अधिकारी, अधिशासी अभियंता ग्रामीण, अधिशासी अभियंता नलकूप, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, सहायक अभियंता ग्रामीण ड्रेनेज, मनोरंजन अधिकारी ,जिला आबकारी अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, ए आर कोऑपरेटिव, परियोजना निदेशक प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली, थाना अध्यक्ष बिनोली, नायब तहसीलदार सर्वे, उप संभागीय परिवहन अधिकारी, सहित आदि अधिकारी तहसील दिवस में अनुपस्थित पाए गए।