UP: मेरठ शहरकाजी प्रोफेसर जैनुस साजिद्दीन का निधन, अस्पताल में ली अंतिम सांस, माैत से पहले कही ये आखिरी बात
मेरठ शहरकाजी प्रोफेसर जैनुस साजिद्दीन का अचानक निधन हो गया। शहर के ही धनवंतरि अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली।
विस्तार
मेरठ शहरकाजी प्रोफेसर जैनुस साजिद्दीन का सोमवार को निधन हो गया। उन्होंने शहर के धन्वंतरि अस्पताल में अंतिम सांस ली। बताया गया कि अचानक तबीयत खराब होने के कारण उन्हें आज सुबह ही अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके शव को पुरानी तहसील कोतवाली अपने आवास पर ले जाया जाएगा।
माैत से पहले मेरठ शहरकाजी प्रोफेसर जैनुस साजिद्दीन ने बड़ा एलान करते हुए कहा था कि होली पर दुलहेंडी के दिन (शुक्रवार) यानि जुमे की नमाज कोतवाली स्थित शाही जामा मस्जिद में 2.30 बजे होगी। शहरकाजी ने मेरठ के तमाम इमाम से गुजारिश की कि जनपद में मिली जुली आबादी में स्थित मस्जिदों में जुमे की नमाज़ का वक्त बदल लें।
बताया गया कि शहरकाजी का शव रात्रि दस बजे उनके घर से जामा मस्जिद ले जाया जाएगा। जहां उनके जनाजे की नमाज रात 10:30 बजे होगी। इसके बाद चिश्ती पहलवान कब्रिस्तान लेकर जाएंगे। जहां उनके शव को सुपुर्द ए खाक किया जाएगा।
बता दें कि शहरकाजी को 19 जून 2012 को तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटिल द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका था। वह मदरसा बोर्ड के चेयरमैन भी रहे और कई पुस्तकों का भी उन्होंने लेखन किया।
