मुजफ्फरनगर: पुलिस ने मुठभेड़ में 25 हजार के दो इनामी बदमाशों समेत तीन को दबोचा
मुजफ्फरनगर की रतनपुरी पुलिस ने शनिवार की रात हुई मुठभेड़ के बाद तीन इनामी बदमाशों को दबोच लिया। दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। मुठभेड़ के दौरान एक दरोगा सहित और सिपाही भी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से एक सप्ताह पहले रतनपुरी के पूर्व ग्राम प्रधान की डेयरी से लूटी गई छह भैंसों को बरामद किया है।
रतनपुरी इंस्पेक्टर मगनवीर सिंह गिल ने बताया कि शनिवार की रात 10 बजे एक सूचना पर गांव भनवाड़ा मोड़ स्थित बंद पड़े ईंट के भट्ठे पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही वहां पर मौजूद बदमाश फायरिंग करते हुए भागने लगे।
दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं। मुठभेड़ में दो बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें पकड़ लिया गया जबकि अन्य फरार हो गए। दरोगा सतेंद्रपाल सिंह और सिपाही संजय कुमार भी बदमाशों की गोली लगने से घायल हो गए।
इसके बाद पुलिस ने फरार बदमाशों की तलाश में कांबिंग की तो एक अन्य को भी गिरफ्तार कर लिया गया। कई अन्य बदमाश अंधेरे का लाभ उठाते हुए खेतों के रास्ते से फरार हो गए।
घायल बदमाशों की पहचान इसलू उर्फ इस्लामुदीन उर्फ इस्लाम पुत्र जबरदीन निवासी गांव जेई थाना भावनपुर, मेरठ और गुलशाद उर्फ गुलशेर पुत्र मोटा यासीन निवासी गांव खिवाई थाना सरुरपुर, जिला मेरठ के रुप में हुई। कांबिंग के दौरान पकड़े गए बदमाश का नाम उमर पुत्र मोटा यासीन निवासी गांव खिवाई, थाना सरुरपुर, मेरठ है। इंस्पेक्टर ने बताया कि घायलों को को सीएचसी बुढ़ाना भेजा गया है।
बदमाशों पर 37 मुकदमे दर्ज
घायल दोनों बदमाश 25-25 हजार रुपये के इनामी बताए गए हैं। गिरफ्तार बदमाश इस्लामुदीन पर मेरठ के विभिन्न थानों में गोकशी, पशु क्रूरता, चोरी, हत्या के प्रयास आदि के करीब 37 मुकदमे दर्ज हैं।
लूट की छह भैंस, मोबाइल व तमंचे बरामद
पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से एक सप्ताह पूर्व रतनपुरी के पूर्व ग्राम प्रधान नरेश कुमार की डेयरी से लूटी गई छह भैंस, मोबाइल के अलावा दो तमंचे, तीन खोखा कारतूस और दो कारतूस बरामद हुए। तीसरे बदमाश के पास से एक तमंचा और तीन कारतूस बरामद हुए हैं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/