Meerut: जानलेवा हमले के आरोपी का हाई वोल्टेज ड्रामा, पुलिसकर्मी को गोली मारने की दी धमकी, कर रहा था ये मांग
मेरठ के कोतवाली क्षेत्र में बदमाश को पकड़ने गई पुलिस को देखते ही आरोपी ने हाई वोल्टेज ड्रामा किया। यहां पुलिस को देखते ही आरोपी ने हवाई फायर किया। इसके बाद खुद पर पिस्टल तान दी गई। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
विस्तार
मेरठ कोतवाली क्षेत्र का एक वीडियो शनिवार को वायरल हुआ तो हड़कंप मच गया। वीडियो में पुलिस और बदमाश आमने-सामने दिख रहे हैं। वीडियो में पुलिस ने बदमाश को चारों ओर से घेर रखा है। वहीं एक बदमाश पुलिसकर्मी का गिरेबान पकड़े हुए है।
बताया गया कि बदमाश ने पुलिसकर्मी का गिरेबान पकड़कर उसे गोली मारने की धमकी दे डाली। बताया जा रहा युवक ने अपने साथी को छोड़ने की मांग करते हुए खुद की कनपटी पर तमंचा रखकर पुलिसकर्मियों को आत्महत्या की धमकी दे रहा है। बताया गया कि पुलिसकर्मियों को देखकर आरोपी युवक ने हवाई फायर भी किया। कहा जा रहा है कि पुलिस क्षेत्र में जानलेवा हमले की धमकी देने के आरोपी को पकड़ने गई थी, जिसके बाद खुद को घिरता देख युवक ने तमंचा निकाल लिया।
यह भी पढ़ें: बेटियों ने बढ़ाया मान: गोल्डन गर्ल पारुल को CM ने दी 4.5 करोड़ की धनराशि, DSP पद के लिए नियुक्ति पत्र सौंपा
जानकारी के अनुसार देहली गेट थानाक्षेत्र निवासी मनीष प्रजापति ने राशिद और दानिश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि दोनों ने होटल में तमंचा दिखाकर हत्या की धमकी दी थी। मामले में पुलिस ने दानिश को पकड़ लिया था जबकि शनिवार को थाना पुलिस आरोपी राशिद को पकड़ने गई थी, जिसमें राशिद ने पुलिस को देखते ही तमंचा तान दिया और आत्महत्या की चेतावनी देने लगा। इसके बाद आरोपी ने हवाई फायर भी किया। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।