UP: 15 लाख की ठगी का मामला, एयरपोर्ट पर ऐसे खुली पोल, सऊदी अरब में नौकरी लगवाने का दिया था झांसा
Meerut News : 15 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। वहीं, एयरपोर्ट पर इस मामले की पोल खुल गई। बताया गया कि 17 युवकों को सऊदी अरब में नौकरी लगवाने का झांसा दिया था।
विस्तार
सऊदी अरब में नौकरी लगवाने के नाम पर मोटी रकम ठगने का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को दुबई और सऊदी अरब में नौकरी लगवाने का एजेंट बताया और पांच जिलों के 17 युवकों से करीब 15 लाख रुपये ठग लिए। ठगी का शिकार हुए पीड़ित आपस में रिश्तेदार हैं। उन्हें फर्जी टिकट और वीजा देकर एयरपोर्ट पर भी भेज दिया, जहां ठगी का अहसास हुआ। पीड़ितों ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर मामले की शिकायत की।
हर्रा गांव के रहने वाले राशिद ने एसएसपी को दी गई शिकायत में बताया कि वह बुलंदशहर जिले में बिजली के खंभे लगाने का काम करता है। वहां पर उसकी जान-पहचान सिकंदराबाद गांव निवासी एक व्यक्ति से हुई। उसने बताया कि वह दुबई सहित अन्य शहरों में नौकरी लगवाने वाला एजेंट है। झांसा दिया कि वह टैक्सी चालक के रूप में या होटल में स्टाफ के लिए नौकरी लगवा सकता है। पीड़ित उसकी बातों में आ गया और अपने साथ कई परिचितों की नौकरी लगवाने के लिए कह दिया।
इतनी ली गई रकम
आरोप है कि एजेंट ने हर्रा गांव निवासी राशिद, शाबिर, तालब, फारूख और हबीबुर से रकम ले ली। किसी से डेढ़ लाख तो किसी से 50 हजार रुपये लिए गए। इसके अलावा बागपत के लतीफपुर गांव निवासी महकार, फिरोज, अलताफ, हापुड़ जिले के कूलपुर गांव निवासी आजाद व झड़ीना निवासी अलीजान, बुलंदशहर के कुराना निवासी अफसार, दिलशाद, नदीम, यासीन, मुजफ्फरनगर जिले के ककरौली निवासी नदीम से भी रुपये लिए गए। इस तरह आरोपी ने करीब 15 लाख रुपये ठग लिए।
यह भी पढ़ें: कोरोना से मचा हड़कंप: सहारनपुर में फिर मिले तीन नए संक्रमित, जिले में मरीजों की संख्या पहुंची छह
20 जनवरी को जाना था विदेश
15 जनवरी को एजेंट ने सभी के पास कॉल की, उसने कहा कि 20 जनवरी को उन्हें दुबई जाना है। इसके लिए सभी के वाट्सएप पर टिकट और वीजा भी भेज दिया गया। सभी को अलग-अलग जगह से एयरपोर्ट पर पहुंचना था। वहां पहुंचने के बाद जब टिकट और वीजा चेक हुआ तो पता चला कि वह फर्जी है। पीड़ितों ने उससे मोबाइल पर बात की और रुपये वापस मांगे। आरोपी के घर पर पंचायत भी की गई, लेकिन उसने रुपये देने से मना कर दिया।
इस मामले में शिकायत आई है, इस पर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी। - रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी मेरठ