यूपी बोर्ड : शैक्षिक कैलेंडर जारी, सितंबर में होगी तैमासिक परीक्षा, मार्च 2022 में बोर्ड परीक्षाएं
पहली बार ऐसा हो रहा है जब सितंबर के तीसरे और चौथे सप्ताह में त्रैमासिक परीक्षाएं होंगी।
विस्तार
शैक्षिक कैलेंडर की बात करें तो इस पर कोरोना का असर साफ देखने को मिला है। पहली बार ऐसा हो रहा है जब सितंबर के तीसरे और चौथे सप्ताह में त्रैमासिक परीक्षाएं होंगी। वहीं अक्तूबर के दूसरे सप्ताह तक इसके अंक अपलोड करने होंगे।
कक्षा नौ और 10 की परीक्षाओं के लिए अगस्त, अक्तूबर और जनवरी 2022 में आंतरिक मूल्यांकन होगा। इन्हीं महीनों के दौरान अंतिम सप्ताह में आंतरिक मूल्यांकन वेबसाइट पर अपलोड करने होंगे। मार्च 2022 में बोर्ड परीक्षा होगी।
कोविड-19 के कारण शैक्षिक सत्र 2021-22 में माध्यमिक विद्यालयों में 20 मई से ऑनलाइन शिक्षण कार्य प्रारंभ हो चुका है। विद्यार्थियों के प्रगति का आकलन करने के लिए विभिन्न कक्षाओं में ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित मासिक परीक्षा कराई जाएगी। इसके प्राप्त अंकों को माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा।
दिसंबर में द्वितीय व तृतीय सप्ताह में अर्धवार्षिक परीक्षा कराई जाएगी। अर्धवार्षिक परीक्षा में प्राप्त अंकों को जनवरी 2022 के प्रथम सप्ताह तक अपलोड कर दिया जाएगा। कक्षा 10 और 12 का शिक्षण कार्य ऑनलाइन या ऑफलाइन 15 जनवरी और कक्षा 9 व 11 के लिए शिक्षण कार्य 31 जनवरी 2022 तक पूर्ण कराया जाएगा। प्रयोगात्मक परीक्षाओं का आयोजन एक जनवरी से लेकर 31 जनवरी तक दो चरणों में पूरा कराया जाएगा।
प्री-बोर्ड परीक्षा फरवरी 2022 के पहले और दूसरे सप्ताह में की जाएगी। इसके अंक इसी महीने के चौथे सप्ताह तक अपलोड करने होंगे। कक्षा नौ और कक्षा 11 के वार्षिक गृह परीक्षा का आयोजन फरवरी 2022 के तीसरे व चौथे सप्ताह में कराया जाएगा। इसके अंक मार्च 2022 के तीसरे सप्ताह तक अपलोड करने होंगे। कक्षा 10 और कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा का आयोजन मार्च 2022 के प्रथम व दूसरे सप्ताह में किया जाएगा। आगामी शैक्षिक कैलेंडर 2022-23 अप्रैल 2022 में जारी होगा।