Shamli: काली नदी किनारे अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका
शामली के कांधला थाना क्षेत्र में काली नदी किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस को हत्या की आशंका है और शव की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
विस्तार
शामली के कांधला थाना क्षेत्र के गांव भनेड़ा स्थित काली नदी के किनारे बुधवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की उम्र करीब 40 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। ग्रामीणों ने नदी किनारे शव पड़ा देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की।
हत्या कर शव फेंकने की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि युवक की कहीं और हत्या कर शव को काली नदी के किनारे फेंका गया है। शव कुछ समय से पड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है, जिससे दुर्गंध भी फैलने लगी थी। शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान सामने नहीं आए हैं, लेकिन हालात संदिग्ध बने हुए हैं।
यह भी पढ़ें: Meerut: यूट्यूबर शादाब जकाती की नहीं थम रही मुश्किलें, महिला ने लगाए बंधक बनाने और मारपीट के गंभीर आरोप
पहचान कराने में जुटी पुलिस
पुलिस ने मौके पर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मृतक की पहचान कराने के लिए उसके फोटो जिले के सभी थानों के साथ-साथ आसपास के जनपदों में भी भेजे गए हैं। फिलहाल कोई भी व्यक्ति शव की शिनाख्त नहीं कर सका है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। अगर हत्या की पुष्टि होती है तो मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच तेज की जाएगी। आसपास के सीसीटीवी कैमरों और गुमशुदगी के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।