लावड़ । नगर पंचायत के सात सभासदों ने भेदभाव का आरोप लगाते हुए मंगलवार को अधिशासी अधिकारी को निमंत्रण कार्ड वापस लौटा दिए और मेले का बहिष्कार करने की चेतावनी दी।
रक्षाबंधन के पर्व पर 15 अगस्त को वर्षों से लगता आ रहा मेला शुभारंभ से पहले ही विवादों में घिर गया है। दरअसल नगर पंचायत की ओर से हर वर्ष छपवाए जाने वाले निमंत्रण कार्ड पर सात सभासदों के नाम प्रकाशित नहीं कराए गए। घरों पर निमंत्रण कार्ड पहुंचने पर सभासदों में रोष फैल गया। हालांकि कार्ड पर सात अन्य सभासदों के नाम प्रकाशित हैं और बाकी सभासदों के लिए समस्त सभासदगण लिख दिया गया है। सभासदों का आरोप है कि उन्होंने मेला सचिव के चुनाव में शर्मिष्ठा यादराम के पक्ष में वोटिंग की थी। इसी को लेकर उनका नाम कार्ड में प्रकाशित नहीं कराया गया। यह पहली बार है जब आधे सभासदों के नाम निमंत्रण कार्ड में नहीं छपवाए गए। सातों सभासद सूफी शमीम, शहजाद, अफसाना, कौसर अकील, शर्मिष्ठा यादराम, रुबिना जर्रार, साजिदा आसिफ देर शाम नगर पंचायत पहुंचे और अधिशासी अधिकारी को निमंत्रण पत्र लौटा दिए। सभासदों ने चेतावनी दी कि वे मेले का बहिष्कार करेंगे। उन्होंने अधिकारियों से इसकी शिकायत करने की बात चेतावनी दी है। अधिशासी अधिकारी सुधीर कुमार का कहना है कि कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए एक कमेटी गठित की गई है। कमेटी ही सभी कार्यक्रमों का आयोजन कराएगी। कार्यक्रम में कमेटी के सदस्यों के नाम के साथ-साथ समस्त सभासदगण भी लिखवाया गया है।