यूपी: किशोर ने पहले फेसबुक पर किया एलान फिर दो छात्रों को पीटा, जानें- क्या है मामला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक किशोर ने फेसबुक पर पोस्ट डालकर एलान किया कि अगर कोई व्यक्ति किसी के परिवार की महिला के साथ छेड़छाड़ करता है तो पीड़ित उससे संपर्क करें। वह खुद आरोपी से निपटेगा।
इसके बाद किसी व्यक्ति ने किशोर की फेसबुक वॉल पर दो युवकों के फोटो डालकर बताया कि ये उसकी बहन से छेड़छाड़ करते हैं। पता लगते ही किशोर अपने साथियों के साथ उनके क्षेत्र में पहुंच गया और दो छात्रों की पिटाई कर डाली, लेकिन ये छात्र वह नहीं थे, जिनके फोटो डाले गए थे। मामला कोतवाली सदर बाजार पहुंचा। पुलिस ने इस मामले में पूछताछ की है।
कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र के नवादा रोड पर रहने वाले एक किशोर ने दो दिन पहले अपनी फेसबुक के जरिए पोस्ट करते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति किसी महिला या युवती के साथ छेड़छाड़ करता है तो पीड़ित उसे बताए। इसके बाद युवक की वॉल पर कमेंट्स आने शुरू हो गए।
पुलिस के मुताबिक कपिल विहार निवासी एक युवक ने किशोर की फेसबुक पर दो युवकों के फोटो डालते हुए बताया कि यह दोनों उसकी बहन से छेड़छाड़ करते हैं, जिससे वह परेशान है। इसका पता चलते ही किशोर अपने साथियों के साथ कपिल विहार में पहुंच गया। वहां पहुंचने पर किशोर ने आरोपी युवक समझकर दो छात्रों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। हालांकि इस दौरान कुछ लोगों ने छात्रों को बचा लिया। डरे-सहमे दोनों छात्र अपने घर पहुंचे, लेकिन परिजनों को कुछ नहीं बताया।
वहीं छात्रों को घबराया हुआ देखकर परिजनों ने जानकारी ली तो मामले का खुलासा हुआ। इतना ही नहीं परिजनों ने भी अपने बच्चों की गलती समझकर उनकी पिटाई कर दी। इसी तरह किशोर के परिजनों ने उसकी गलती पर उसकी पिटाई की। दोनों पक्षों की ओर कोतवाली सदर बाजार में शिकायत की गई। थाने पहुंचने पर दोनों पक्ष एक-दूसरे की जान-पहचान वाले निकले। मामले में कई भाजपाई भी कोतवाली पहुंच गए। पुलिस ने आरोपी किशोर और उसके साथियों को पकड़कर फटकार लगाई, जिसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
इंस्पेक्टर पंकज पंत ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। किशोर ने दो छात्रों की पिटाई की थी, लेकिन मामला निपट गया है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/