खौफनाक हादसा: तीन बहनों का इकलौता भाई था शुभम, दो दोस्तों की मौत से पसरा मातम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सहारनपुर में सर्किट हाउस मार्ग पर हुई सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाला शुभम तीन बहनों का इकलौता भाई था। दूसरा मृतक तुषार उसका दोस्त था और दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे। घायल हुआ तीसरा साथी अंकित भी इनका दोस्त है। दोनों दोस्तों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। बुधवार को दोनों का अंतिम संस्कार हुआ।
बता दें कि मंगलवार की रात शिवपुरी कॉलोनी निवासी 16 वर्षीय शुभम पुत्र रमेश और 17 वर्षीय तुषार पुत्र छोटेलाल की सर्किट हाउस मार्ग पर ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। यह अपने तीसरे साथी अंकित के साथ बाइक पर जा रहे थे। बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत हुई थी, जब ये सड़क पर गिरे तो ट्रक की चपेट में आने से शुभम और तुषार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अंकित घायल हुआ।
बुधवार की दोपहर दो बजे शिवपुरी कॉलोनी में रेलवे लाइन के पास स्थित श्मशान में शुभम और तुषार का अंतिम संस्कार किया गया। दोनों की शवयात्रा में बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग एकत्र हुए और हर किसी की आंख में आंसू थे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों के मुताबिक शुभम कक्षा नौ और तुषार कक्षा दस का छात्र था। यह दोनों दोस्त थे और अंबाला रोड स्थित गुरुनानक ब्वॉयज इंटर कॉलेज में पढ़ते थे। घायल हुआ अंकित भी इनका दोस्त है। शुभम तीन बहनों का इकलौता भाई था, जबकि तुषार का एक भाई ओर है।
यह भी पढ़ें: मॉडल बनना चाहती थी अनु, पल भर में बिखर गए सपने, जिंदगीभर का जख्म दे गया ये हादसा
पूर्व सांसद ने दी सांत्वना
दोनों दोस्तों की मौत की खबर लगते ही पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा मंगलवार की देर रात जिला अस्पताल पहुंचे और मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी। इसके साथ ही घायल अंकित का हालचाल जाना।
तहरीर आने पर होगी रिपोर्ट दर्ज
दुर्घटना के समय ट्रक चालक को पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हिरासत में ले लिया था। साथ ही ट्रक को भी कब्जे में लिया। कोतवाली सदर बाजार इंस्पेक्टर पंकज पंत ने बताया कि मृतकों के परिवार की ओर से अभी तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
यातायात माह में गई 22 जान
नवंबर माह यातायात माह के रूप में मनाया गया, जिसमें यातायात और संबंधित थाना पुलिस ने अभियान चलाकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जाए। यातायात माह के दौरान भी जनपद में सड़क हादसों में 22 लोगों की जान चली गई। पुलिस ने लोगों के चालान भी किए, लेकिन उसके बाद भी लोगों द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने के मामले आए दिन सामने आ रहे हैं, जो हादसों का कारण भी बन रहे हैं।
सर्किट हाउस मार्ग पर हुआ हादसा बेहद दुखद है। अभी तक जो जानकारी मिली है, उसमें पुलिस स्तर की लापरवाही सामने नहीं आई है। इसके अलावा बाइक पर ट्रिपल राइडिंग और बाइकों के अनियंत्रित होने की जानकारी मिली है। सर्किट हाउस मार्ग पर दोनों ओर वाहनों के संचालन के प्रयास किए गए थे। मगर, मार्ग का एक हिस्सा काफी संकरा है, उसे सर्विस रोड की तरह ही इस्तेमाल किया जा सकता है। फिर भी संबंधित थाना और चौकी के साथ ही यातायात कर्मचारियों को रूट पर नियमित निगरानी के लिए निर्देशित कर दिया गया है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। - दिनेश कुमार, एसएसपी
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/