मेरठ: एलेक्जेंडर क्लब में हुए बखेड़े के मामले में दो मुकदमे दर्ज, एक गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ जिले में एलेक्जेंडर क्लब में हुए बखेड़े के मामले में सिविल लाइन थाने में दो मुकदमे दर्ज हुए हैं। एक मुकदमा अमिताभ रस्तौगी ने पृथ्वी सहगल के खिलाफ मारपीट-धमकी का दर्ज कराया तो दूसरा मुकदमा चौकी इंचार्ज अबरार हुसैन ने कार्यक्रम आयोजक गौरव के खिलाफ कराया है। इसमें कार्यक्रम की शर्तों के उल्लंघन का आरोप है। वहीं पुलिस ने पृथ्वी सहगल को गिरफ्तार कर लिया है।
ये था मामला
एलेक्जेंडर क्लब में शुक्रवार देर रात चल रही दिवाली पार्टी में बखेड़ा हो गया। दो पक्षों के भिड़ने से वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराने का प्रयास किया तो कुछ युवक पुलिस से ही उलझ गए। पुलिस दो युवकों को थाने ले आई। एक युवक पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। मौके पर मौजूद परिजनों से पुलिस की घंटों नोकझोंक चली।
एलेक्जेंडर क्लब में हर साल दिवाली पर पार्टी का आयोजन होता है। शुक्रवार रात भी पार्टी चल रही थी। क्लब के सदस्य और उनके परिवार पार्टी का लुत्फ उठा रहे थे। सुभाष नगर निवासी युवक की पार्टी में आए पीएल शर्मा रोड निवासी से बहस हो गई। एक युवक ने दूसरे को कई थप्पड़ लगाए। सूचना पर इंस्पेक्टर सिविल लाइन अब्दुर्रहमान सिद्दीकी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। मामला उस समय तूल पकड़ गया, जब नशे में धुत कुछ युवकों ने पुलिस से धक्कामुक्की कर दी। पुलिस ने लाठी भांजते हुए भीड़ को खदेड़ दिया। पुलिस से उलझ रहे दो युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया और थाने ले आई। उनके परिजन भी थाने पहुंच गए और हंगामा कर दिया।
यह भी पढ़ें: आरएसएस कार्यकर्ता पर हुए हमले के मामले ने पकड़ा तूल, थाने में जमकर बखेड़ा
वहीं धक्कामुक्की में चोटिल युवक ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया। अभी थाने में हंगामा चल ही रहा था कि एक युवक पुलिस को चकमा देकर भाग गया। इसको लेकर थाने में मौजूद परिजनों व पुलिस की बहस हो गई। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले रखा था, जबकि परिजन उसे निर्दोष बताकर छुड़ाने का प्रयास कर रहे थे। इसी बीच भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा भी पहुंच गए। फिलहाल पुलिस फरार युवक की तलाश में लगी है।
सीओ सिविल लाइन हरिमोहन सिंह ने बताया कि हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। लेकिन कुछ युवकों ने पुलिस से अभद्रता की। दो युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। मारपीट के आरोप निराधार हैं।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/