50 लाख की डकैती से सहमे व्यापारी, BJP विधायक ने IG और DIG को फोन पर दी जानकारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिन ढलते ही करीब 50 लाख रुपये की डकैती की वारदात से व्यापारी सन्न रह गए। पुलिस के पहुंचते ही हंगामा शुरू कर दिया। बाजार बंद कर दिए गए। व्यापारियों ने एसपी से कहा कि वह दुकानें कैसे खोलें। बदमाश बेखौफ हैं। कारोबारी महफूज नहीं है।
कस्बा पुलिस चौकी के पास वारदात को अंजाम देकर बदमाशों ने सिस्टम को सीधे चुनौती दी है। नाराज व्यापारियों ने पुलिस के खिलाफ जमकर हंगामा किया। दुकानदारों का आरोप है कि सीओ दिलीप कुमार ने कह दिया व्यापारियों का बाजार है, इसे खोलना न खोलना उनकी मर्जी। इस पर व्यापारी भड़क गए। सीओ से नोकझोंक हुई। पुलिस को वापस लौटना पड़ा। एसपी डी प्रदीप कुमार के यहां पहुंचते ही व्यापारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
पीड़ित कारोबारी ने एसपी को बताया कि उसका करीब 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। एसपी ने जल्द से जल्द वारदात के खुलासे का भरोसा दिलाया। कई थानों की पुलिस सराय में मौजूद है। सराय के चेयरमैन मांगेराम यादव ने वारदात के खुलासे की मांग की। उन्होंने यही ऐसा ही रहा तो व्यापारी अपना कारोबार कैसे करेंगे।
रात बदमाशों ने मकान में डाका डाला
कस्बा में सर्राफ अंकित वर्मा के मकान में 14 नवंबर 2016 की रात बदमाशों ने मकान में डाका डाला था। मकान से लाइसेंसी रिवाल्वर और लाखों रुपये के आभूषण लूटकर ले गए थे। पुलिस अभी तक रिवाल्वर तक बरामद नहीं कर पाई है। एक साल भी नहीं हुआ कि बदमाशों ने यहां दूसरी वारदात को अंजाम दे दिया।
शोरूम पर अकेला नहीं था कारोबारी
जिस समय बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। उस समय वहां पर एक दर्जन लोग मौजूद थे। व्यापारी गणेश महोत्सव के आयोजन की चर्चा कर रहे थे। बदमाशों ने सभी को गन प्वाइंट पर ले लिया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया बदमाश दो-दो पिस्टल लिए हुए थे।
सराय के भूगोल से वाकिफ थे बदमाश
दो बाइक पर सवार होकर आए छह बदमाशों ने जिस तरीके से वारदात को अंजाम दिया, उससे जाहिर है कि वह कस्बा सराय के अलावा दुकान के पूरे भूगोल से वाकिफ थे। कारोबारी विपुल को गन प्वाइंट पर लेकर चाबी मांगी। विपुल ने आनाकानी की तो उसे धमकाते हुए यह तक बता दिया चाबी कहां रखी है। बदमाशों ने दुकान में घुसते ही सीसीटीवी के तार काट दिए। फायरिंग कर बदमाश आसानी से फरार हो गए।
विधायक बोले, बख्शे नहीं जाएंगे अपराधी
भाजपा विधायक योगेश धामा ने पीड़ित कारोबारी से वारदात की जानकारी ली। उन्होंने कहा वारदात का जल्द से जल्द खुलासा करने और बदमाशों की गिरफ्तार के निर्देश पुलिस को दिए गए हैं। उन्होंने आईजी और डीआईजी से बात कर मामले से अवगत कराया। भाजपा विधायक ने कहा कि पुलिस प्रशासन शीघ्र ही बदमाशों की गिरफ्तारी में जुटा हैं। इस दौरान अधवेश पाराशर एडवोकेट, ईश्वर दयाल, अमित कुमार, रविंद्र, मोहित कुमार, कपिल कुमार, सचिन कुमार, श्रीचंद मौजूद रहे।
चौकी इंचार्ज ने किया बदमाशों का पीछा
डकैती के बाद बदमाश फायरिंग करते हुए भाग रहे थे। गोली की आवाज सुनकर चौकी इंचार्ज मनिंदर सिंह मुख्य बाजार की तरफ दौड़े। फासला करीब 50 मीटर का था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चौकी इंचार्ज हवाई फायरिंग करते हुए पीछे दौड़ने लगे। उन्होंने लोगों से भी मदद के लिए कहा, लेकिन कोई बदमाशों की ओर से की जा रही फायरिंग के आगे कोई हिम्मत नहीं कर पाया।
गोलियां चली तो मची भगदड़
वारदात के बाद जैसे ही बदमाश फायरिंग करते हुए फरार होने लगे मुख्य बाजार में भगदड़ मच गई। लोग जाने बचाने के लिए दुकानों में दुबक गए।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/