फलावदा। संयुक्त व्यापारी एसोसिएशन के तत्वावधान में अपनी समस्याओं को लेकर व्यापारियों ने नगर पंचायत कार्यालय में अधिशासी अधिकारी सचिन पंवार के नाम बाबू फहीम अहमद को 11 सूत्रीय मांग पत्र दिया।
व्यापारियों ने ज्ञापन में बताया कि मनमाने तरीके से हाउस टैक्स बढ़ाया जा रहा है। कामर्शियल व औद्योगिक हाउस टैक्स लागू करते समय लाभ दिया जाए। नगर पंचायत द्वारा गृह कर के साथ जलकर की भी वसूली की जा रही है। जबकि बाजारों में पेय जल की समुचित व्यवस्था नहीं है। बाजारों में पेयजल के लिए वाटर कूलर लगाए जाएं। गोवंशों को पकड़वाकर गोशाला भिजवाए जाए। बुराड़ी तालाब का सौंदर्यीकरण का कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए। पिकनिक स्पॉट की तरह विकसित किया जाए। तालाब से पानी की निकासी की जाए। नगर में लगाए गए पेड़-पौधों की सुरक्षा के लिए लोहे के टी गार्ड लगाए जाएं और सिंचाई की व्यवस्था की जाए। प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था कर कंट्रोल रूम बनाया जाए। प्रमुख नाले-नालियों की सफाई की व्यवस्था की जाए। विद्युत पोल पर स्ट्रीट लाइट लगाई जाएं, जनरेटर से जलाने की व्यवस्था की जाए। अटल चौक से पुराने बस स्टैंड तक नव निर्माण सड़क का निर्माण कराया जाए। मोहल्लों व मुख्य मार्गों पर पुलिया एवं चैनल टूटे पड़े हैं, उनका निर्माण शीघ्र किया जाए। इस दौरान संयुक्त व्यापारी एसोसिएशन के जिला उपाध्यक्ष अश्वनी कुमार बिश्नोई, अजय शर्मा, जिला महामंत्री कृष्ण गोपाल उर्फ पप्पू सैनी, नगर अध्यक्ष विपिन कुमार बब्बू, नगर महामंत्री विनीत रस्तोगी उर्फ गुड्डू, अरुण बिशनोई, वकार सभासद, इरशाद, राकेश जाटव, राजकुमार गुर्जर, मनोज जाटव, नरेंद्र खटीक आदि मौजूद रहे।