ठंड ने तोड़ा रिकॉर्ड, पारा 2.9 डिग्री पहुंचा, कांप उठे वेस्ट यूपी के लोग
ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा, जिसमें न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस तक आ गया, जबकि अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंड से बचने के लिए लोग हर उपाय कर रहे हैं। मगर ठंड से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है।
शुक्रवार की रात ही घना कोहरा आ गया था। शनिवार की सुबह विजिबिलिटी 20 से 30 मीटर रही। इसकी वजह से हाईवे पर वाहनों की गति काफी धीमी रही। कोहरे के साथ चल रही शीतलहर लोगों का दम निकाल रही है। दिन भर कोहरा बने रहने की वजह से लोग गर्म कपड़ों में लिपटे रहे। अनेक जगहों पर लोग अलाव पर हाथ तापते नजर आए। ठंड का असर बाजारों पर भी पड़ा है। शनिवार को नेहरू मार्केट समेत तमाम बाजारों में अन्य दिनों की तुलना में भीड़ कम रही। कमाई न होने से दुकानदार भी मायूस हैं। हालांकि गर्म कपड़ों और जूतों का बाजार थोड़ा ठीकठाक चल रहा है। इंसान तो इंसान पक्षियों और आवारा पशुओं तक पर ठंड की मार पड़ रही है। पक्षी और कुत्ते तक ठंड में लगातार दम तोड़ रहे हैं।
पढ़ें : ठंड तोड़ रही रिकॉर्ड, वेस्ट यूपी में गिरा पारा, शहरवासियों का बुराहाल
कम पड़े रैन बसेरे और अलाव की व्यवस्था
नगर निगम ने शहर में कई जगहों पर अस्थाई रैन बसेेरों की व्यवस्था की है। इन रैन बसेरों में पराली डाली गई है। अत्यधिक ठंड की वजह से फुटपाथ पर जीवन काटने वाले लोग इन रैन बसेरों का सहारा ले रहे हैं, जिसकी वजह से रैन बसेरों में भीड़ है। इसके अलावा नगर निगम की ओर से मुहैैया कराई जा रही अलाव की लकड़ी भी कम पड़ रही है। इसे लेकर लोग नाराज हैं।
पिछले छह दिन का तापमान
तिथि अधिकतम न्यूनतम
01 जनवरी 22 04
02 जनवरी 19 05
03 जनवरी 19 04
04 जनवरी 19 04
05 जनवरी 16 5.9
06 जनवरी 16 2.9 डिग्री सेल्सियस
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/