फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   The building was evacuated, the policemen spent the night in Dharamshala

Meerut News: भवन खाली कराया, पुलिसकर्मियों ने धर्मशाला में बिताई रात

Mon, 24 Jul 2023 02:04 AM IST
Meerut Bureau मेरठ ब्यूरो
Updated Mon, 24 Jul 2023 02:04 AM IST
विज्ञापन
The building was evacuated, the policemen spent the night in Dharamshala
सरधना (मेरठ)। सरधना थाने में शनिवार शाम शार्ट सर्किट से आग लगने के बाद बेहद जर्जर हो चुके भवन को खाली करा लिया गया और पुलिसकर्मियों को तहसील रोड स्थित सैनी धर्मशाला में रात गुजारनी पड़ी। अधिकांश पुलिसकर्मियों में दहशत रही। वे रातभर करवट बदलते रहे। कुछ पुलिसकर्मियों ने जान बचने पर राहत महसूस की। वहीं, भवन में दरारें आने पर पीडब्ल्यूडी की टीम जांच करके बताएगी कि भवन अब सुरक्षित है या नहीं।
विज्ञापन

इसके अलावा ऊर्जा निगम की टीम भी शार्ट सर्किट या अन्य कारणों की जांच करेगी। थाना परिसर में आग से नुकसान के आकलन के लिए दमकल विभाग की टीम ने मुआयना किया। मौके पर फोटोग्राफी की। इस दौरान एफएसओ आरके सिंह ने टीम के साथ जले वाहनों और अन्य सामान की जानकारी जुटाई। उन्होंने बताया कि आग बुझाने के दौरान नौ अग्निशमन यंत्रों का प्रयोग किया गया। इसके बाद आग पर काबू पाया गया। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। जले हुए सामान की सूची बनाई जा रही है।
विज्ञापन

---

मालखाने में रखे थे पटाखे, होते रहे तेज धमाके
अब तक की छानबीन में पता चला कि मालखाने में दीपावली के समय जब्त किए गए पटाखे भी रखे थे। आग लगने के बाद तेज धमाके के साथ पटाखे भी जलते रहे। धमाकों के बाद पुलिसकर्मी व अन्य लोग दहशत में आ गए। सुबह राख के साथ जले हुए कुछ पटाखे भी दिखाई दिए। सफाई कराने के बाद यहां से कुछ माल मुल्हेड़ा पुलिस चौकी भेज दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

--------

हादसे के वक्त कार्यालय में नहीं थे थाना प्रभारी

हादसे के वक्त थाना प्रभारी रमाकांत पचौरी अपने कार्यालय में नहीं थे। यदि वह कार्यालय में होते तो एसी चलाते समय कंप्रेशर फटने से बड़ा हादसा हो सकता था। आग से जनहानि न होने पर पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली।
--------

जले वाहनों में सिपाहियों की थीं पांच बाइकें
आग में साइबर सेल, मालखाना और रसोईघर पूरी तरह जल गया। मालखाने और रसोईघर से रातभर धुआं उठता रहा। माना जा रहा है कि शार्ट सर्किट के बाद रसोईघर में रखे सिलिंडर ने आग पकड़ी और फिर इसे विकराल रूप ले लिया। आग लगने से जले वाहनों में पांच बाइकें सिपाहियों की थीं। अन्य वाहन मुकदमों में विचाराधीन वाले बताए जा रहे हैं। शुरुआती पड़ताल में 20 वाहनों के जलने की बात कही जा रही थी, अब जले वाहनों की संख्या 11 बताई जा रही है। फिलहाल, पुलिस और दमकल विभाग की टीम नुकसान के आकलन में जुटी है।
----
आग में राख हुए महत्वपूर्ण अभिलेख, लंबित मामलों में विवेचना करना अब चुनौती
आग से कई महत्वपूर्ण अभिलेख जल गए, जो विभिन्न मुकदमों से संबंधित थे। इसके चलते कुछ मामलों की विवेचना में विलंब हो सकता है और इनकी जांच प्रक्रिया भी प्रभावित हो सकती है। सर्विलांस सेल में रखे लैपटॉप, मोबाइल और प्रिंटर आग से जलकर राख हो गए।
सर्विलांस सेल प्रभारी राजकुमार तेवतिया ने बताया कि कुछ देर पहले ही वह कार्यालय से निकलकर सामने आवास तक पहुंचे थे। तभी तेज धमाके के साथ आग लग गई। धुएं और आग के कारण कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। ऑफिस में मौजूद सुमित के दिखाई नहीं देने पर शोर मचाया। इसके बाद उसके दिखने पर उसे बाहर निकलने के लिए कहा, लेकिन वह बाहर आते समय झुलस गया। थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत पचौरी का कहना है कि नुकसान को लेकर सूची तैयार की जा रही है। भवन में आई दरार के बारे में अधिकारियों को अवगत करा दिया है। मामले की विभागीय जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक ऊपरी मंजिल पर सिपाहियों के लिए बैरक बनी हैं। इनमें फिलहाल आठ सिपाही रह रहे हैं। हादसे के समय पांच सिपाही ड्यूटी पर गए थे। तीन बैरक में आराम कर रहे थे। वहीं, साइबर सेल में सुमित राजौरिया और एक अन्य सिपाही काम कर रहे थे। केशव अत्री पहरे पर थे। जब आग लगी तो ऊपर बैरक में आराम कर रहे सिपाहियों ने कूदकर जान बचाई। वहीं, सुमित ने भी भागकर खुद को बचाया, मगर हाथ झुलस गया। बाहर खड़े केशव सिलिंडर को बंद करने के चक्कर में आग की चपेट में आए। मालखाना प्रभारी हेमेंद्र सिंह भी मामूली रूप से घायल हुए। हवालात में कोई मौजूद नहीं था।

------------

हादसे में झुलसे सिपाही केशव की हालत नाजुक, आईसीयू में भर्ती
पत्नी बोली- एक सिपाही ने आकर कहा, पति के पेट में हुआ है दर्द
मेरठ। थाने में आग के हादसे में मूल रूप से टप्पल अलीगढ़ निवासी सिपाही केशव अत्री झुलस गया था। उसे गढ़ रोड स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत नाजुक बनी है। उसका आईसीयू में उपचार चल रहा है। रविवार सुबह सिपाही की मां कुसम लता और अन्य परिजन भी यहां पहुंचे। वहीं, केशव की पत्नी सपना ने बताया कि वे 11 महीने की बेटी दृष्टि के साथ यहां प्रभात नगर कॉलोनी में किराये के मकान में रहते हैं। सपना ने बताया कि शाम साढ़े सात बजे थाने से एक सिपाही घर आया था। उसने कहा, आपके पति के पेट में दर्द हो रहा है। मेरे साथ चलो। यहां पहुंचे तो उनके पति को पुलिसकर्मी उठाकर एंबुलेंस में ले जा रहे थे। यहां अन्य पुलिसकर्मियों ने बताया कि थाने में आग लगने से पति झुलस गया है। डॉक्टर का कहना है कि उसे आईसीयू में रखा गया है। पत्नी और अन्य परिजन सिपाही के जल्द सकुशल होने की दुआ करते रहे। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed