आतंक का पर्याय बने कुख्यात साबिर का खौफ खत्म, सरेआम कर चुका था कई कत्ल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कुख्यात बदमाश मुकीम काला का राइट हैंड बनने के बाद साबिर जंधेड़ी ने एक के बाद एक कई संगीन वारदातों को अंजाम दिया। कैराना में दो व्यापारियों की सरेआम हत्या करके साबिर जंधेड़ी और मुकीम काला ने दहशत पैदा कर दी थी। सहारनपुर के तनिष्क ज्वैलर्स के यहां डकैती करके वेस्ट यूपी की पुलिस के निशाने पर यह गिरोह आ गया था। एक मई 2017 को पुलिस कस्टडी से हथकड़ी सहित फरार होने के बाद साबिर जंधेड़ी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित हो गया था।
साबिर जंधेड़ी और मुकीम काला की जोड़ी ने शामली जिले में अपराध की बाढ़ ही ला दी थी। रंगदारी न देने पर कैराना के लोहा व्यापारी शिवकुमार और राजेंद्र की 24 अगस्त 2014 को सीओ कैराना ऑफिस के सामने गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। इतना ही नहीं कैराना के कई व्यापारियों से रंगदारी भी मांगीं। गांव खुरगान में वॉलीबाल खेल रहे कल्लू की हत्या की। इसके अलावा सहारनपुर में तनिष्क ज्वैलर्स के यहां डकैती में भी मुकीम काला के साथ साबिर जंधेड़ी भी रहा था। वहीं, 20 अक्तूबर 2015 को एसटीएफ ने मुकीम काला और साबिर जंधेड़ी को एक साथ ही गिरफ्तार किया था। उसके बाद दोनों बदमाशों को पुलिस ने जेल भेज दिया। बाद में एक मई 2017 को कोर्ट में पेशी के बाद जेल जाते समय बाराबंकी जिले के थाना जैदपुर से ढाबे पर चाय पीने के दौरान साबिर जंधेड़ी हथकड़ी सहित फरार हो गया था। उसके बाद से पुलिस के साथ ही एसटीएफ भी साबिर जंधेड़ी को गिरफ्तार करने के प्रयास में लगी हुई थी। अपर पुलिस अधीक्षक जगदीश शर्मा ने बताया कि साबिर जंधेड़ी के खिलाफ यूपी, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और राजस्थान में करीब 68 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस कस्टडी से फरार होने के बाद गिरोह को साबिर जंध़ेड़ी ही चला रहा था, क्योंकि मुकीम काला तभी से जेल में बंद है।
पढ़ें : वेस्ट यूपी में ताबड़तोड़ एनकाउंटर: एक लाख का इनामी बदमाश ढेर
दोनों की पत्नी से बरामद हुई थी ज्वैलरी
दो साल पूर्व सहारनपुर में तनिष्क ज्वैलर्स के यहां डकैती करने के बाद मुकीम काला और साबिर जंधेडी ने ज्वैलरी अपनी पत्नियों को गिफ्ट कर दी थी। साथ ही अपनी पत्नियों को जम्मू-कश्मीर घूमने भेज दिया था। उसी ज्वैलरी को पहनकर जम्मू से लौटते समय पुलिस ने करनाल में साबिर और मुकीम काला की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया था, तब इनके कब्जे से तनिष्क ज्वैलर्स के यहां से डकैती में ली गई ज्वैलरी भी बरामद हुई थी।
गोलियां बरसाने में माहिर था साबिर
मुकीम काला गिरोह में साबिर जंधेड़ी को ही सबसे खतरनाक बताया जाता रहा। इस गिरोह ने जितनी भी वारदातों को अंजाम दिया, उनमें साबिर जंधेड़ी हर बार शामिल हुआ। यहीं नहीं हत्या करने के दौरान साबिर जंधेड़ी ही गोलियां चलाने में आगे रहता था। कैराना में व्यापारी शिवकुमार और राजेंद्र की हत्या के दौरान भी ऐसा ही हुआ था, जिसके चलते मुकीम काला भी साबिर को हर वारदात में साथ रखने लगा था।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/