BKU Protest: वार्ता विफल, पांचवें दिन भी थाने पर डटे किसान, गन्ना समिति चुनाव में धांधली की सीएम से की शिकायत
मेरठ में गन्ना समिति के डेलिगेट पद के नामांकन के बाद पिछले सप्ताह गुरुवार को हुए 102 प्रत्याशियों के पर्चे निरस्त कर दिए गए। शुक्रवार से किसान मेरठ के परतापुर थाने में धरने पर बैठे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ में मोहिद्दीनपुर गन्ना समिति के चुनाव में धांधली का आरोप लगाकर भारतीय किसान यूनियन का परतापुर थाने पर धरना सोमवार को चौथे दिन भी जारी रहा। शाम को डीएम से किसान प्रतिनिधिमंडल की वार्ता विफल रही। दोपहर में भाकियू के युवा विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव टिकैत ने पहुंचकर किसानों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि यह अन्याय के विरुद्ध न्याय की लड़ाई है। न्याय मिलने तक लड़ाई जारी रहेगी। आज पांचवे दिन भी भाकियू कार्यकर्ता और किसान परतापुर थाने पर ही डटे हुए हैं।
सोमवार को किसानों के बीच पहुंचे गौरव टिकैत ने कहा कि ये किसान का ही चुनाव रहने दिया जाए। इसमें छेड़छाड़ पर आंदोलन होगा। हम किसी प्रत्याशी के न विरोध में हैं और न ही समर्थन में। प्रदेश के मुख्यमंत्री की शानदार छवि है। कुछ लोग छवि को बदनाम करना चाहते हैं। हम चाहते हैं कि किसान की आवाज मुख्यमंत्री तक पहुंचाई जाए।
शाम को छह सदस्य प्रतिनिधि मंडल एडीएम सिटी के निमंत्रण पर जिलाधिकारी दीपक मीणा से मिलने कार्यालय पर गया। प्रतिनिधि मंडल में मेजर चिंदोड़ी, हर्ष चहल, सनी प्रधान, वीरेंद्र सरूरपुर, मोनू चौधरी, हरेंद्र सिंह शामिल रहे। डीएम ने धरना उठाने को कहा। प्रतिनिधिमंडल ने पर्चे बहाल करने या चुनाव निरस्त हो की मांग रखी, जिस पर डीएम ने इसे शासन से अवगत कराने की बात कही। जिसे किसानों ने नहीं माना।
जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने बताया कि वार्ता विफल रही, धरना जारी रहेगा। उधर, प्रशासन ने धरनास्थल पर पीएसी तैनात कर दी है। सोमवार को एडीएम सिटी बृजेश सिंह, एसडीएम सदर कमल किशोर देश भूषण कंडारकर, एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह, सीओ किठौर प्रमोद कुमार कई थानों की फोर्स के साथ मौजूद रहे।
परतापुर थाने में धरनास्थल पर ही किसानों की भट्ठी जल रही है। सुबह का नाश्ता, दोपहर का खाना किसानों ने धरनास्थल पर ही खाया। दोपहर में छोले -चावल और शाम को आलू-पूड़ी बनाई गई।
बाबा विजयपाल घोपला का स्वास्थ्य गिरा
धरनास्थल पर भूख हड़ताल पर बैठे बाबा विजयपाल घोपला के स्वास्थ्य की सोमवार को डॉक्टरों ने जांच की। उनके स्वास्थ्य में गिरावट आ रही है। चौथे दिन अरुण नरंगपुर ने भी बाबा विजयपाल के साथ भूख हड़ताल की घोषणा कर आमरण अनशन शुरू कर दिया है।
गन्ना विकास समिति के चुनाव में 50 फीसदी नामांकन वापस
जिले की छह सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड के चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सोमवार को सामान्य निकाय गठन के लिए हो रहे डेलीगेट चुनाव में पचास फीसदी नाम वापस हो गए। इसी के साथ अब 50 फीसदी डेलीगेट का निर्विरोध निर्वाचित होना तय माना जा रहा है। बाकी पचास फीसदी सीटों के लिए 3 अक्तूबर को चुनाव होगा।
इसके लिए प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए गए हैं। अभी तक छह सहकारी समिति के 1211 डेलीगेट पदों के लिए 1683 वैद्य नामांकन बचे थे। सोमवार को नाम वापसी के दिन जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार करीब 50 फीसदी सीटों पर नामाकंन वापसी हो गई। ऐसे में इन सीटों पर डेलीगेट का निर्विरोध निर्वाचित होना निश्चित हो गया है। बाकी सीटों पर तीन अक्तूबर को चुनाव होगा।
अधिकारियों का कहना है कि मलियाना गन्ना समिति में 222 डेलीगेट निर्विरोध हो गए। वहीं मोहिउद्दीनपुर गन्ना समिति में 143 पदों के सापेक्ष केवल चार गांवों में ही 8 पदों के लिए चुनाव होगा। इसमें निर्वाचन क्षेत्र काजमाबाद गून के गांव ढिंढाला में 2 पदों पर चुनाव होना है। यहां 504 वोट हैं, जिनमें चार प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है।
सीएम को भेजी शिकायत
जनपद की गन्ना समिति मोहिउद्दीनपुर के चुनाव में हुई धांधली को लेकर समिति के पूर्व अध्यक्ष अजय नेहरा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायत भेजी है। सीएम और मुख्य सचिव से उच्च स्तरीय जांच करा कर दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की गई है।