Meerut: कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक तैयार, मार्किंग के बाद शुरू होगा अभ्यास
मेरठ के कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में 8.58 करोड़ की लागत से बना सिंथेटिक ट्रैक तैयार हो गया है। अब मार्किंग का काम बाकी है, जो एक सप्ताह में पूरा होगा। इससे हजारों खिलाड़ियों को अभ्यास की बेहतर सुविधा मिलेगी।
विस्तार
मेरठ के कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक बनकर तैयार हो चुका है। अब बस ट्रैक पर मार्किंग होने का इंतजार है। इसके बाद इस ट्रैक पर खिलाड़ी अभ्यास कर सकेंगे।
ट्रैक का कार्य नवंबर 2024 में लगभग 8.58 करोड़ रुपये की लागत से शुरू हुआ था। कई वर्षों से इस ट्रैक की मांग की जा रही थी। ट्रैक न होने के कारण खिलाड़ी ठीक प्रकार से अभ्यास नहीं कर पा रहे थे। इसे जुलाई 2025 में पूरा किया जाना था, लेकिन जुलाई में बरसात के कारण कार्य बाधित हुआ।
यह भी पढ़ें: PM Modi Meerut Visit: पीएम मोदी की जनसभा के लिए मेरठ में रूट डायवर्जन जारी, यहां देख लें पूरा ट्रैफिक प्लान
मार्किंग का कार्य और प्रक्रिया
आठ लेन ट्रैक पर सभी लेन की मार्किंग की जाएगी। इसके अलावा ट्रैक के अन्य हिस्सों पर भी मार्किंग का कार्य होना है। इसमें पोल वॉल्ट और शॉटपुट के ट्रैक पर भी मार्किंग की जानी है। अधिकारियों के अनुसार, यह सभी कार्य लगभग एक सप्ताह में पूरा हो जाएगा। मार्किंग के लिए अभी तक टीम तय नहीं हो सकी है, पर कार्य जल्द पूरा होने की उम्मीद है।
हजारों खिलाड़ियों को मिलेगा लाभ
इस सिंथेटिक ट्रैक के बनने से हजारों खिलाड़ियों को सीधा फायदा मिलेगा, क्योंकि वर्तमान में स्टेडियम में 300 से अधिक एथलेटिक्स खिलाड़ी अभ्यास करते हैं। ट्रैक तैयार होने के बाद यह संख्या और भी बढ़ेगी, जिससे आसपास के जिलों से भी खिलाड़ी यहां अभ्यास कर सकेंगे।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं सिंथेटिक ट्रैक पर ही होती हैं, जिससे खिलाड़ियों को अभ्यास का लाभ मिलेगा। मेरठ के धावक पारुल चौधरी, भाला फेंक खिलाड़ी अन्नू रानी और प्रियंका गोस्वामी जैसे अंतरराष्ट्रीय एथलीट यहां अभ्यास कर चुके हैं।