स्वच्छता सर्वेक्षण 2019: मेरठ छावनी को साफ-सफाई में मिला दूसरा नंबर, पहले स्थान पर रहा दिल्ली कैंट
स्वच्छता सर्वेक्षण में यूपी का मेरठ छावनी सबसे साफ व स्वच्छ स्थानों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर रहा है। वहीं दिल्ली कैंट को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
पूरे देश के तकरीबन 62 छावनियों में से मेरठ कैंट ने स्वच्छता सर्वेक्षण में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही देश के सबसे स्वच्छ जिलों की लिस्ट में मेरठ 286वें स्थान पर पहुंच गया है।
गौरतलब है कि इस सर्वेक्षण में टॉप रैंकिंग में आने के लिए सैन्य अधिकारियों द्वारा छावनी में साफ सफाई के लिए विशेष अभियान चलाए गए थे। नतीजन मेरठ छावनी ने स्वच्छता सर्वेक्षण में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
अपनाए थे ये उपाय
मेरठ छावनी परिषद ने प्लास्टिक से पर्यावरण को बचाने के लिये आर्मी इंजीनियर्स का सहारा लिया था। इसके लिए इंजीनियर्स ने पॉलिथीन और ईंट-पत्थर के कूड़े से खास टाइल्स का निर्माण किया और सड़कें बनाने में उनका उपयोग किया।
स्वच्छता सर्वेक्षण की टीम पिछले दिनों मेरठ पहुंची थी जहां प्लास्टिक से तैयार टाइल्स को लैब में टेस्ट भी किया गया था। वहीं चौराहों पर लगे कूड़े के ढेर को खास तरह से मिट्टी से ढंककर फुलवारी लगाई गई थी। कई जगह इस प्रकार से खुले पड़े हुए कचरे को ढंककर उसे सुंदर रूप दिया गया है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/