सूर्य किरण एयर शो का पहला दिन: जमीन से आसमान तक कड़ा सुरक्षा पहरा, ड्रोन पर रोक; भारी वाहनों का रूट डायवर्ट
मेरठ में सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम का दो दिवसीय एयर शो आज से शुरू हो चुका है। मोहिउद्दीनपुर में 19-20 सितंबर को प्रदर्शन के दौरान 20 किमी दायरे में ड्रोन पर रोक और भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन रहेगा।
विस्तार
भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम का दो दिवसीय एयर शो शनिवार से मोहिउद्दीनपुर स्थित न्यू इंटीग्रेटेड टाउनशिप परिसर में शुरू हुआ। शनिवार सुबह 10 बजे से जांबाज पायलटों ने आसमान में रोमांचक हवाई करतब दिखाए। इस दौरान लूप, बैरल रोल जैसे कई मैनूवर दर्शकों को देखने को मिले।
#WATCH उत्तर प्रदेश: भारतीय वायु सेना की सूर्य किरण एरोबैटिक टीम ने मेरठ में हवाई करतब दिखाए। pic.twitter.com/IUZVclMaj3
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 19, 2026विज्ञापन
एयर शो से पहले शुक्रवार को मोहिउद्दीनपुर के आसमान में सूर्य किरण विमानों ने पूर्वाभ्यास किया। जमीन से आसमान तक कड़े सुरक्षा पहरे के बीच होने वाले प्रदर्शन को लेकर सैन्य और प्रशासनिक अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया।
अधिकारियों के अनुसार एयर शो स्थल के 20 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन उड़ाने पर रोक रहेगी। शनिवार और रविवार को यातायात व्यवस्था के लिए रूट डायवर्जन भी लागू रहेगा। बिना पास के किसी को शो स्थल पर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
पांच विमानों ने किया पूर्वाभ्यास
शुक्रवार को वायुसेना के पांच विमानों ने मोहिउद्दीनपुर के आसमान में पूर्वाभ्यास किया। सूर्य किरण विमानों की हवा में कलाबाजियां देखकर लोग दंग रह गए। पूर्वाभ्यास के दौरान फाइटर पायलटों ने अलग-अलग हवाई करतबों का प्रदर्शन किया।
डीएम डॉ. वीके सिंह, एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, एडीएम सिटी बृजेश सिंह, एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले, एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव, वायुसेना के स्क्वाड्रन लीडर तुषार शर्मा, स्क्वाड्रन लीडर संजेश सिंह और स्क्वाड्रन लीडर विक्रम वेंकटेशन ने आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पांच मीटर की दूरी पर उड़ेंगे विमान
स्क्वाड्रन लीडर तुषार शर्मा ने बताया कि भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एशिया की इकलौती नौ एयरक्राफ्ट एयरोबेटिक टीम है। उनके अनुसार विमान कमांडिंग ऑफिसर ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी की कमान में एक-दूसरे से पांच मीटर की दूरी पर उड़ान भरकर वायुसेना के प्रोफेशनलिज्म और एक्यूरेसी का प्रदर्शन करेंगे।
नौ हॉक विमान दिखाएंगे करतब
कल सुबह भी नौ बजे नौ हॉक एमके-132 विमान आसमान में उड़ान भरेंगे। करीब 35 मिनट के प्रदर्शन के दौरान नौ विमान बेहद कम अंतर पर एक साथ अलग-अलग फॉर्मेशन में उड़ान भरेंगे।
दर्शकों को लूप, हार्ट, बैरल रोल, उल्टी उड़ान और डीएनए मैन्यूवर जैसे हवाई करतब देखने को मिलेंगे। विमानों से निकलने वाली केसरिया, सफेद और हरे रंग की धुएं की लकीरें आसमान में तिरंगे की छटा बिखेरेंगी।
मेरठ के तीन पायलट टीम का हिस्सा
सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम में मेरठ निवासी स्क्वाड्रन लीडर अमन गोयल, स्क्वाड्रन लीडर राहुल सिंह और स्क्वाड्रन लीडर शरद गोयल भी शामिल हैं। एयर शो के दौरान मेरठ के तीन पायलट भी आसमान में करतब दिखाएंगे।
एयर शो को लेकर आयोजन स्थल पर लगभग 100 बीघा जमीन में तैयारियां की गई हैं। दर्शकों के लिए तीन प्रवेश मार्ग बनाए गए हैं। बड़ा खुला पंडाल, खाने-पीने की व्यवस्था और वीवीआईपी व वीआईपी के लिए अलग व्यवस्था की गई है।
अधिकारियों ने पार्किंग स्थल, प्रवेश मार्ग, वायुसेना के जवानों के लिए बनाए जा रहे मंच और सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। आयोजन स्थल पर तीन गैलरी और पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।
20 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन पर रोक
एयर शो को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। स्क्वाड्रन लीडर तुषार शर्मा ने बताया कि एयर शो स्थल के 20 किलोमीटर के दायरे में कोई ड्रोन नहीं उड़ेगा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत बिना पास के किसी भी व्यक्ति को शो स्थल पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
मोहिउद्दीनपुर न्यू टाउनशिप में एयर शो को देखते हुए यातायात पुलिस ने 19 और 20 सितंबर के लिए रूट डायवर्जन लागू किया है। दोनों दिन सुबह पांच बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
एसपी यातायात राजेश श्रीवास्तव के अनुसार हरिद्वार और मुजफ्फरनगर की ओर से एनएच-58 से आने वाले भारी वाहनों को इंटरचेंज के ऊपर से काशी टोल प्लाजा होते हुए मोदीनगर-गाजियाबाद की ओर भेजा जाएगा।
गाजियाबाद से आने वाले भारी वाहनों पर रोक
गाजियाबाद की ओर से आने वाले किसी भी भारी वाहन को मेरठ की तरफ आने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहनों को मोदीनगर से भोजपुर की ओर डायवर्ट कर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के रास्ते उनके गंतव्य तक भेजा जाएगा।
काशी टोल प्लाजा से भी भारी वाहनों को मोदीनगर और गाजियाबाद की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। हापुड़ की ओर से मेरठ आने वाले भारी वाहनों को टियाला अंडरपास से डायवर्ट किया जाएगा।
सिवालखास-गेझा रोड पर आवागमन बंद
सिवालखास से गेझा रोड पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। टीपी नगर गेट और दिल्ली रोड की ओर से आने वाले भारी वाहनों को बिजली बंबा बाईपास के रास्ते उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।