वंदेभारत पर पथराव: आखिर क्याें पत्थरबाजों का निशाना बन रही ट्रेन, अब तक सामने आईं ये घटनाएं
मेरठ-मुजफ्फरनगर के बीच खतौली रेलवे स्टेशन के समीप देहरादून से आनंद विहार जा रही 22458 वंदे भारत ट्रेन पर असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया। पश्चिमी यूपी में वंदे भारत पर पथराव की यह तीसरी घटना है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
न सिर्फ पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बल्कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में वंदे भारत ट्रेन पर हुई पत्थरबाजी की घटना को लेकर पिछले महीने एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार की ओर से सर्कुलर भी जारी किया गया था। सर्कुलर में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए चौकीदारों की मदद लेने के लिए कहा गया था।
एडीजी रेलवे जय नारायण सिंह का कहना है कि इस तरह की घटनाओं का परीक्षण किया गया, जिसमें पाया गया कि कोई भी घटना सुनियोजित नहीं थी। मसलन गोरखपुर में इस ट्रेन पर कुछ ग्रामीणाें ने पत्थरबाजी इस लिए कर दी क्योंकि एक दिन पहले इसी ट्रेन से एक बकरी की कटकर मौत हो गई थी।
आगरा में रेलवे पटरी के किनारे कुछ लड़के क्रिकेट खेल रहे थे, लेदर की गेंद ट्रेन के शीशे से टकरा गई थी, जिससे शीशा क्षतिग्रस्त हो गया था। उन्होंने बताया कि इस ट्रेन पर पथराव करने वालों की शनाख्त करना आसान है, क्योंकि ट्रेन के अंदर और बाहर कैमरे लगे हैं। जो लोग भी पकड़े जाते हैं उन्हें रेलवे सुरक्षा बल के हवाले कर दिया जाता है।
यह भी पढ़ें: Pollution: दिल्ली-NCR में ग्रेप -4 लागू होने के बाद मेरठ में अलर्ट, AQI पहुंचा 346, बरतें एहतियात
देहरादून से दिल्ली के आनंद विहार जा रही 22458 वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेन पर सोमवार सुबह खतौली और सकौती स्टेशन के बीच अराजकतत्वों ने पथराव कर दिया। इससे ट्रेन के पिछले हिस्से के कोच का शीशा टूट गया। किसी यात्री को चोट नहीं लगी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेन मुजफ्फरनगर से छूटने के बाद खतौली से गुजर रही थी, पथराव किया गया। इससे यात्रियों में दहशत फैल गई। ट्रेन के अंदर चल रहे आरपीएफ कर्मचारियों ने यह सूचना अधिकारियों को दी। मुजफ्फरनगर से जीआरपी व आरपीएफ की टीम ने खतौली रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। बाद में ट्रेन के मेरठ सिटी रेलवे स्टेशन पर रुकने पर जीआरपी और आरपीएफ कर्मियोें ने क्षतिग्रस्त कोच का मुआयना किया।
उधर, जीआरपी के दरोगा संजय यादव ने कहा कि घटना की पुष्टि नहीं हुई है। मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन के कार्यवाहक प्रभारी सुधीर कनोजिया ने भी जानकारी होने से इनकार किया है। खतौली स्टेशन मास्टर सचिन सारंग के अनुसार सुबह 10 बजकर 35 पर वंदे भारत ट्रेन स्टेशन से गुजरी। चालक या गार्ड ने कोई सूचना स्टेशन पर नहीं दी। हालांकि मुजफ्फरनगर आरपीएफ के इंस्पेक्टर विनीत का कहना है कि मामले की जांच चल रही है।
इस साल चार जून को सहारनपुर और टपरी रेलवे स्टेशन के बीच और 14 व 19 जून को मुजफ्फरनगर के नारा जडोदा स्टेशन से गुजरते समय ट्रेन पर पत्थरबाजी हुई थी।