Education News: मेरठ में कृषि विवि के वेटरनेरी कॉलेज में मानक अधूरे, प्रवेश प्रक्रिया पर रोक
वेटरनेरी कॉलेज सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि में संचालित है। वीसीआई ने कृषि विवि के वेटरनेरी कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया पर रोक लगा दी है। वीसीआई ने पशुपालन विभाग के संयुक्त सचिव को कार्रवाई के लिए लिखा है।
विस्तार
शिक्षण कार्य के लिए जरूरी मानक पूरे नहीं होने पर वेटरनेरी काउंसिल ऑफ इंडिया (वीसीआई) ने कृषि विवि के वेटरनेरी कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया पर रोक लगा दी है। पशुपालन विभाग को पत्र भेजकर कॉलेज की मान्यता रद्द करने के लिए भी लिखा है। वहीं दूसरी ओर कृषि विवि ने कॉलेज में नए सत्र के लिए प्रवेश लेना शुरू कर दिया है।
वेटरनेरी कॉलेज सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि में संचालित है। वीसीआई ने पशुपालन विभाग के संयुक्त सचिव को कार्रवाई के लिए लिखा है। पत्र में हवाला दिया है कि सितंबर 2021 में वीसीआई ने वेटरनेरी कॉलेज का निरीक्षण किया था। इस दौरान शिक्षकों और प्रयोगशाला की कमी मिली थी। इन मानकों को कॉलेज ने पूरा नहीं किया है। छह अगस्त को वीसीआई की कार्यपरिषद की बैठक हुई। इसमें वेटरनेरी कॉलेज में नए प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया।
यह भी पढ़ें: ब्रिगेडियर ने जताई चिंता: सैन्य क्षेत्र में पाकिस्तानी जासूसी का खतरा, मेरठ छावनी में अब लगेगा ये प्रतिबंध
80 सीटों पर होने हैं प्रवेश
कृषि विवि के वेटरनेरी कॉलेज में 80 सीटों पर प्रवेश होने हैं। एक अगस्त से काउंसिलिंग और प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। वीसीआई का पत्र आने के बाद से विवि प्रशासन के साथ एडमिशन लेने वाले छात्र भी परेशान हैं।
ये हैं कमियां
-वेटरनेरी कॉलेज में 18 शिक्षकों के पद रिक्त हैं। प्रयोगशाला की कमी है।
-पशुओं के लिए जजिंग पवेलियन नहीं है।
-वीसीआई के मानक के अनुसार संबंधित उपकरण नहीं हैं।
जल्द पूरे करेंगे मानक
वीसीआई का पत्र मिलने के बाद पशुपालन विभाग के सचिव को पत्र भेजा जा रहा है। सितंबर में 18 गेस्ट फैकल्टी को रख लिया जाएगा। अन्य नियमित नियुक्ति भी समय से कर ली जाएंगी। - डॉ. डीके सिंह, रजिस्ट्रार कृषि विवि