शामली: गोवंश को बचाने के लिए ब्रेक लगाते ही कंटेनर में लगी आग, देखते ही देखते वाहन राख; चालक सुरक्षित
शामली के थानाभवन में ऊन रोड पर टेस्ट ड्राइव के दौरान गोवंश को बचाने के लिए ब्रेक लगाने पर कंटेनर की वायरिंग में आग लग गई। चालक सुरक्षित बच गया, लेकिन वाहन जलकर राख हो गया।
विस्तार
शामली के थानाभवन क्षेत्र में बुधवार रात ऊन रोड पर गोवंश को बचाने के प्रयास में एक कंटेनर में आग लग गई। बताया गया कि वाहन की टेस्ट ड्राइव के दौरान अचानक गोवंश सामने आ गया। उसे बचाने के लिए चालक ने ब्रेक लगाए तो कंटेनर की वायरिंग से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग पूरे वाहन में फैल गई। चालक सद्दाम ने किसी तरह कंटेनर से उतरकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शामली से दमकल की गाड़ियां बुलवाई गईं, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही कंटेनर जलकर राख हो चुका था।
गोवंश सामने आने पर चालक ने लगाए ब्रेक
बागपत जिले के छपरौली निवासी सद्दाम अपनी बहन के यहां थानाभवन आया हुआ था। बुधवार रात वाहन में काम कराने के बाद वह कंटेनर की टेस्ट ड्राइव कर रहा था। इसी दौरान थानाभवन के ऊन रोड पर अचानक एक गोवंश सामने आ गया।
गोवंश को बचाने के लिए सद्दाम ने तत्काल ब्रेक लगाए। इसके बाद कंटेनर की वायरिंग से धुआं उठने लगा और आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
चालक ने वाहन से उतरकर बचाई जान
कंटेनर में आग लगते ही चालक सद्दाम ने किसी तरह वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आग तेजी से फैलने के कारण कंटेनर पूरी तरह जल गया। हादसे में चालक के सुरक्षित बचने से राहत रही।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आग बुझाने के लिए शामली से दमकल की गाड़ियां बुलवाईं, लेकिन दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही वाहन जलकर राख हो चुका था।
सड़क पर यातायात हुआ प्रभावित
कंटेनर में आग लगने की घटना के कारण ऊन रोड पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। आग से वाहन को भारी नुकसान हुआ है। हालांकि, हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
एएसपी सुमित ने बताया कि कंटेनर में आग लगने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। उन्होंने कहा कि पीड़ित की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।