मुजफ्फरनगर: दो पक्षों में जमकर चले धारदार हथियार, खूनी संघर्ष में 10 घायल, पुलिस बल तैनात
मुजफ्फरनगर के गांव खुड्डा में रास्ते को लेकर हुए विवाद के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच मारपीट के साथ ही जमकर पथराव भी हुआ, जिसमें दस लोग लहूलुहान हो गए।
पुलिस ने लाठियां फटकारते हुए भीड़ को दौड़ाया। भीड़ में घायल हुए लोगों का मेडिकल कराने के बाद उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले में अपनी तरफ से रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी कर रही है। तनाव की स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
छपार थाना क्षेत्र के गांव खुड्डा निवासी नदीम पक्ष सोमवार को अपने प्लॉट पर निर्माण करा रहा था। प्लॉट के ठीक सामने अफजाल का मकान है, जिसने निर्माण कराने के दौरान रास्ते से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया, जिसे लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ा तो देखते ही देखते दोनों पक्ष लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए।
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने के साथ ही जमकर ईंट-पत्थर बरसाए गए। संघर्ष में नदीम पक्ष से मुरसलीन, मुन्ना, बाल्ला व इश्तकार और अफजाल पक्ष से खलील, फरमान, साकिब, सोबान, अफजाल व मोनीश लहूलुहान हो गए, जिससे गांव में भी अफरातफरी मच गई।
दो पक्षों में संघर्ष की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने लाठियां बरसाते हुए स्थिति पर काबू पाया। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां हालत में सुधार होते ही सभी को हिरासत में ले लिया गया। इंस्पेक्टर एचएन सिंह ने बताया कि पुलिस अपनी तरफ से दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है।