Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Sardhana Church Festival: Christians from across the country gather; two lakh devotees bow their heads in pray

सरधना चर्च महोत्सव: देशभर से उमड़े ईसाई समाज के लोग, दो लाख श्रद्धालुओं ने माता मरियम के दरबार में शीश नवाया

Mon, 09 Nov 2026 02:37 PM IST
Mohd Mustakim अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ
अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ Published by: Mohd Mustakim Updated Mon, 09 Nov 2026 02:37 PM IST
सार

Meerut News: सरधना के ऐतिहासिक चर्च में दो दिवसीय माता मरियम महोत्सव प्रार्थना और भव्य शोभायात्रा के साथ संपन्न हो गया। मुख्य अतिथि बिशप लुईस मस्करेनहास ने कहा कि गरीब और बेसहारा का अपमान करना माता मरियम की शिक्षाओं के विपरीत है। 

विज्ञापन
Sardhana Church Festival: Christians from across the country gather; two lakh devotees bow their heads in pray
सरधना चर्च में कार्यक्रम। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

ऐतिहासिक रोमन कैथोलिक चर्च में आयोजित कृपाओं की माता मरियम महोत्सव रविवार को श्रद्धा, प्रार्थना और भव्य शोभायात्रा के साथ संपन्न हो गया। दो दिवसीय महोत्सव में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे करीब दो लाख श्रद्धालुओं ने माता मरियम के दरबार में शीश नवाया। किसी ने अपनी मनोकामना पूरी होने पर आभार जताया तो किसी ने परिवार की सुख-शांति, बीमारी से मुक्ति और जीवन में खुशहाली की कामना की। महोत्सव के अंतिम दिन सुबह से देर शाम तक चर्च परिसर और आसपास के क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही।
विज्ञापन



 
Trending Videos

रविवार को सुबह चार बजे से ही माता मरियम की चमत्कारी तस्वीर के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, चर्च परिसर में भीड़ बढ़ती चली गई। दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को तीन से चार घंटे तक कतार में इंतजार करना पड़ा। इसके बावजूद लोगों का उत्साह और आस्था देखते ही बन रही थी। दूरदराज से पहुंचे श्रद्धालु परिवार सहित माता मरियम के दरबार में पहुंचे और मोमबत्तियां जलाकर विशेष प्रार्थना की।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

गरीब और बेसहारा की सेवा ही सच्ची धार्मिक आस्था : बिशप लुईस मस्करेनहास
महोत्सव के दूसरे दिन आयोजित विशेष प्रार्थना सभा में इलाहाबाद धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष बिशप लुईस मस्करेनहास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने बाइबिल का पाठ सुनाते हुए श्रद्धालुओं को प्रेम, करुणा, दया और मानव सेवा का संदेश दिया। अपने विशेष धर्मोपदेश में उन्होंने कहा कि माता मरियम का जीवन त्याग, समर्पण, विश्वास और सेवा की प्रेरणा देता है। उनकी शिक्षाएं हमें केवल प्रार्थना करने ही नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के दुख-दर्द को समझने और उनकी सहायता करने का भी संदेश देती हैं। 
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि किसी बेसहारा, गरीब या असहाय व्यक्ति का अपमान करना माता मरियम की शिक्षाओं के विपरीत है। ईश्वर की सच्ची आराधना तभी सार्थक होती है, जब मनुष्य दूसरे मनुष्य के प्रति प्रेम और सम्मान का भाव रखे। समाज में ऊंच-नीच, भेदभाव और नफरत के बजाय आपसी भाईचारे तथा सहयोग की भावना को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में दया, क्षमा और सेवा को स्थान दें तथा जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा आगे आएं। 
 

बिशप ने कहा कि प्रार्थना मनुष्य को कठिन परिस्थितियों में भी विश्वास और हिम्मत बनाए रखने की शक्ति देती है। माता मरियम के जीवन से हमें यह सीख मिलती है कि विपरीत परिस्थितियों में भी ईश्वर पर भरोसा रखते हुए सत्य और प्रेम के रास्ते पर चलना चाहिए। प्रार्थना सभा में देश में शांति, सामाजिक सौहार्द, मानव कल्याण और बीमारों के शीघ्र स्वस्थ होने की विशेष प्रार्थना भी कराई गई।

माता मरियम के दरबार में श्रद्धालुओं को मिलती है ऊर्जा: बिशप भास्कर जेसुराज 
मेरठ धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष बिशप भास्कर जेसुराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि सच्चे मन और विश्वास के साथ की गई प्रार्थना मनुष्य को आध्यात्मिक शक्ति प्रदान करती है। माता मरियम के दरबार में श्रद्धालु अपनी परेशानियां लेकर आते हैं और आशीर्वाद प्राप्त कर नई ऊर्जा के साथ लौटते हैं। उन्होंने लोगों से प्रेम, विश्वास और भाईचारे के साथ जीवन व्यतीत करने की अपील की। इसके बाद बीमारों के स्वास्थ्य लाभ, परिवारों की खुशहाली और विश्व शांति के लिए विशेष मिस्सा बलिदान एवं माला विनती कराई गई। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से प्रार्थना में भाग लिया। धार्मिक अनुष्ठान के बाद परम प्रसाद वितरित किया गया।
 

चर्च से बेगम समरू के महल तक निकली भव्य शोभायात्रा
महोत्सव के समापन पर दोपहर को चर्च से बेगम समरू के महल स्थित संत चार्ल्स कॉलेज तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का विशेष आकर्षण संत पोप ग्रेगरी सोलहवें की ओर से बेगम समरू को भेंट किया गया पवित्र तबर्रुक (रेलिक) रहा, जिसे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ शोभायात्रा में शामिल किया गया। हजारों श्रद्धालु धार्मिक गीतों और प्रार्थनाओं के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए। शोभायात्रा में सबसे आगे चल रही बालिकाएं पुष्पवर्षा कर रही थीं। उनके पीछे श्रद्धालु कृपाओं की माता मरियम की तस्वीर लेकर चल रहे थे। पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। संत चार्ल्स कॉलेज पहुंचने पर धर्माध्यक्ष की ओर से पवित्र यूखरिस्त की आशीष दी गई। इसके साथ ही दो दिवसीय धार्मिक आयोजन का विधिवत समापन हुआ।
 

मन्नत पूरी होने पर हर साल आते हैं श्रद्धालु
महोत्सव में दूसरे राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए यह आयोजन केवल धार्मिक यात्रा ही नहीं, बल्कि अपनी आस्था और विश्वास को दोहराने का अवसर भी रहा। उत्तराखंड निवासी रोबिन ने बताया कि उन्होंने नौकरी मिलने के लिए माता मरियम से प्रार्थना की थी। मनोकामना पूरी होने के बाद वह हर साल चर्च पहुंचकर माता मरियम के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। ऐसे ही अनेक श्रद्धालु अपनी पूरी हुई मन्नतों के लिए धन्यवाद देने और नई प्रार्थनाएं करने पहुंचे।
 

धार्मिक सामान की दुकानों पर भी रही भीड़
चर्च परिसर के बाहर लगे धार्मिक वस्तुओं, प्रसाद, खिलौनों और खानपान के स्टॉल पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। परिवार के साथ पहुंचे लोगों ने धार्मिक स्मृति चिह्नों और अन्य सामान की खरीदारी की। हालांकि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार दुकानों की संख्या कुछ कम रही। इससे चर्च परिसर के बाहर आवागमन और भीड़ नियंत्रण में अपेक्षाकृत सुविधा रही।
चर्च प्रबंधक फादर वलेरियन पिंटो ने महोत्सव में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं, पुरोहितों, स्वयंसेवकों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और समर्पण से इतना बड़ा धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका। महोत्सव के दौरान सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर प्रशासन मुस्तैद रहा। 
 

एसडीएम उदित नारायण सेंगर और सीओ आशुतोष कुमार लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। पुलिस एवं नगर पालिका कर्मचारियों की सक्रियता से श्रद्धालुओं को आवागमन में सहयोग मिला। आयोजन में फादर वलेरियन पिंटो, फादर पीटर प्रकाश, फादर ससिन बाबू, फादर विजय प्रतीक सहित विभिन्न धर्मप्रांतों के पुरोहित मौजूद रहे।

ये भी देखें...
वेस्ट यूपी का मौसम: मेरठ, मुजफ्फरनगर और बागपत में बढ़ा प्रदूषण, दिवाली की आतिशबाजी से हवा हुई जहरीली
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed