सहारनपुर में बड़ा हादसा: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत, मेरठ के रहने वाले थे मृतक
सहारनपुर जनपद में आज सुबह हुई एक दुघर्टना में दो लोगों की मौत हो गई। बताया कि बाइक फतेहपुर में अस्पताल के सामने 18 टायर वाले ट्रक की चपेट में आ गई इस कारण हादसा हो गया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में बुधवार सुबह हुए एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। बताया गया कि दोनों मेरठ के रहने वाले थे। वहीं दुर्घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है।
जानकारी के अनुसार फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर भादो में छुटमलपुर देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटना सुबह 11 बजे हुई।
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार चंद्रपाल (48)पुत्र बलवीर निवासी प्रगति विहार मेरठ की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका साथी शमशेर (53) पुत्र मकसूद निवासी मोहल्ला खानकाह देवबंद गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए घायल को जिला अस्पताल भेजा। अस्पताल पहुंचने से पहले ही शमशेर ने भी दम तोड़ दिया।
थानाध्यक्ष प्रमोद रावल ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया है। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।