पुलवामा आतंकी हमला: देवबंदी उलमा बोले- जवानों की शहादत का दो गुना बदला ले सरकार
कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर आत्मघाती हमला होने और इसमें जवानों के शहीद होने पर उलमा ने दुख का इजहार किया है। उलमा का कहना है कि सरकार को चाहिए कि वह आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दे और जवानों की शहादत का बदला ले।
ऑल इंडिया दावातुल मुसलीमीन के संरक्षक व प्रसिद्ध आलिम-ए-दीन कारी इस्हाक गोरा ने जारी बयान में गुरुवार को कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के जवानों के काफिले पर आतंकी हमले को कायराना कार्रवाई करार देते हुए कहा कि इस हमले में जवानों के शहीद होने से बहुत दुख हुआ है। पूरा देश शहीद जवानों के परिवारों के साथ खड़ा है।
उन्होंने कहा कि इस आतंकी हमले का सरकार को करारा जवाब देना चाहिए और ऐसी कार्रवाई करनी चाहिए जो आज तक कभी नहीं हुई। मदरसा जामिया शेखुल हिंद के मोहतमिम मौलाना मुफ्ती असद कासमी ने पुलवामा हमले में जवानों की शहादत पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि सरकार को चाहिए कि वह आतंकियों को इस कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब देकर जवानों की शहादत का दो गुना बदला ले। कहा कि खुफिया एजेंसियां पहले ही जवानों पर इस प्रकार के आतंकी हमले की पहले ही आशंका जता चुकी थी। चूक कहां हुई इसकी भी गंभीरता से जांच होनी चाहिए।
आतंकी हमले को लेकर पाक के खिलाफ कार्रवाई की मांग
जम्मू कश्मीर के पुलवामा के आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 18 जवानों के शहीद होने की घटना पर पूर्व ब्लाक प्रमुख व भाजपा नेता चौधरी नक्षत्रपाल पंवार ने पाक एवं आतंकियों को उन्हीं की भाषा में जवाब देने की मांग की है।
जम्मू कश्मीर के पुलवामा के 18 जवानों की शहादत पर आम जनमानस में आक्रोश है। उनका कहना है कि जिस प्रकार से पाक आतंकियों ने सीआरपीएफ के काफिले पर अटैक किया है अब इसका बदला लेना चाहिए। पूर्व ब्लाक प्रमुख ने कहा कि अब देश की सरकार को पाक को मुंह तोड़ जवाब देना चाहिए। महबूब अहमद सैफी ने इस हमले को कायराना बताया।
उन्होंने कहा कि भारतीय सेना द्वारा जिस प्रकार से आतंकी कमांडरों को ढेर किया जा रहा है उसी बौखलाहट में आतंकियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। इसका भारतीय सेना को मुंह तोड़ जवाब देना चाहिए। नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन शहाबुद्दीन अहमद ने भी इस हमले की घोर निंदा की है। उन्होंने कहा कि अब सेना को चाहिए कि वह पाक में घुस की आतंकियों का सफाया करे जिससे वह इस प्रकार का दुस्साहस न कर सकें।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/