शराब के नशे में दिखाते थे वर्दी का रौब, एसएसपी ने लिया एक्शन, 17 सिपाही लाइन हाजिर
उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उपेंद्र कुमार अग्रवाल ने शराब पीकर हंगामा करने, नशे में ड्यूटी करने एवं लोगों से अभद्रता करने के आरोप में अलग-अलग थाने के 17 सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया। जानिए पूरा अपडेट:-
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उपेंद्र कुमार अग्रवाल को सिपाहियों द्वारा लोगों के अभद्रता किए जाने एवं नशे में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर एसएसपी ने जिले के सभी थाने से ऐसे पुलिसकर्मियों की सूची मंगाई जो नशे में इधर-उधर पड़े रहते हैं। ड्यूटी के दौरान नशे में रहते हैं, ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतते हैं और जिनका लोगों के साथ व्यवहार खराब है, लोग उनके व्यवहार की शिकायत कर रहे हैं। सभी थाने से सूची मिलने के बाद 17 पुलिसकर्मियों को चिह्नित किया गया।
वहीं सोमवार को इन सभी पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया। जिन पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है उनमें थाना नागल के हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार (273) एवं प्रमोद कुमार (615), शोकेंद्र राठी, थाना बिहारीगढ़ से हेड कांस्टेबल भूपेंद्र त्यागी, फतेहपुर से राहुल, बड़गांव से रणवीर, वीरेंद्र सिंह, नानौता से मनमोहन, अशोक, राहुल, वीरेंद्र, गंगोह से विजय चिकारा, सरसावा से कुंवर पाल, ओमवीर सिंह, कोतवाली देहात से सोनू कुमार जनकपुरी से विजय राठी, नगर कोतवाली से अजय गौड़ शामिल हैं। जबकि अमित कुमार को पुलिस लाइन से प्रधान लिपिक कार्यालय भेजा गया है।
एसएसपी उपेंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि इन पुलिसकर्मियों की नशे एवं लोगों से अभद्रता तथा ड्यूटी में लापरवाही की शिकायतें आ रहीं थीं। जिस कारण इन्हें निलंबित किया गया है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/