सहारनपुर: गुर्जर भवन में अधिवक्ता पर फायरिंग, भरी सभा में मची भगदड़
सहारनपुर के गुर्जर भवन में आयोजित पिछड़ा वर्ग सम्मेलन में अधिवक्ता पर फायरिंग करने से भगदड़ मच गई। हमले में अधिवक्ता बाल-बाल बचे। आरोपी फायरिंग और गाली-गलौज करते हुए फरार हो गए। सीओ और कोतवाली सदर बाजार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। अधिवक्ता ने अपने ससुर भाजपा नेता पर हमला करवाने का आरोप लगाया है।
बुधवार की शाम दिल्ली रोड स्थित गुर्जर भवन में पिछड़ा वर्ग सम्मेलन चल रहा था, जिसमें हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश विरेंद्र यादव, रामपुर मनिहारान स्थित गोचर महाविद्यालय के प्राचार्य चंद्रशेखर और अधिवक्ता प्रवेश गुर्जर मंच पर बैठे थे।
प्रवेश गुर्जर ने बताया कि शाम पांच बजे गांव दो युवक बाइक पर आए और कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर उनके ऊपर फायरिंग कर दी। गोली चलते ही सभा में भगदड़ मच गई और लोगों ने उसे बमुश्किल बचाया। आरोपियों ने मंच पर आकर भी तोड़फोड़ की। इसके बाद आरोपी फायरिंग और गाली-गलौज करते मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही सीओ द्वितीय मुकेश मिश्रा और कोतवाली सदर बाजार इंस्पेक्टर अशोक सोलंकी पुलिस बल साथ मौके पर पहुंच गए। प्रवेश गुर्जर ने सीओ को बताया कि उन्होंने डेढ़ वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था। उसके ससुर भाजपा नेता हैं, जो प्रेम विवाह करने को लेकर उनसे रंजिश रखते हैं। प्रवेश ने आरोप लगाया कि ससुर उसकी हत्या करवाना चाहते हैं। इसी के चलते उस पर हमला किया गया है। आरोपियों ने तमंचे से उस पर फायर किए। प्रवेश का आरोप है कि ससुर ने दोपहर में हकीकतनगर स्थित रामलीला मैदान पर भी धमकाया था।
सीओ मुकेश मिश्रा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान फायरिंग हुई है। गुर्जर भवन की छत पर गोली के निशान मिले हैं। तहरीर आने पर पुलिस आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करेगी। उधर, भाजपा नेता विरेंद्र सिंह गुर्जर का कहना है कि प्रवेश गुर्जर पर कोई हमला नहीं हुआ, वह मुझे फंसाने के लिए नाटक कर रहा है। पूर्व में भी वह ऐसी हरकत कर चुका है और मेरे खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज करा चुका है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/