Saharanpur: मुठभेड़ में गोकशी के आरोपी को लगी गोली, गिरफ्तार-साथी फरार, तमंचा और गोकशी के उपकरण बरामद
सहारनपुर के देवबंद-बरला मार्ग पर गोकशी की सूचना पर पुलिस की आरोपियों से मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में शकील के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया।
विस्तार
सहारनपुर के देवबंद में बुधवार देर रात गोकशी की सूचना पर पहुंची पुलिस की दो आरोपियों से मुठभेड़ हो गई। देवबंद-बरला मार्ग के पास सांपला खत्री गांव के जंगल में हुई मुठभेड़ के दौरान जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस, बाइक और गोकशी के उपकरण बरामद किए हैं।
गोकशी की सूचना पर जंगल में पहुंची थी पुलिस
पुलिस के अनुसार, बुधवार देर रात इंस्पेक्टर कपिल देव पुलिस टीम के साथ देवबंद-बरला मार्ग पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि सांपला खत्री गांव के जंगल में दो लोग संरक्षित पशु की गोकशी करने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दो संदिग्ध वहां मौजूद मिले।
यह भी पढ़ें: UP: अग्निवीर भर्ती रैली में 1115 युवा उतरे, 880 ने मारी बाजी, बिजनौर के अभ्यर्थियों ने दिखाया दम
पुलिस को देखते ही शुरू कर दी फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, टीम को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसका साथी मौका पाकर जंगल की ओर भाग गया।
शकील के पास से तमंचा और कारतूस बरामद
सीओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि घायल आरोपी की पहचान मोहल्ला पठानपुरा निवासी शकील के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। इसके अलावा पुलिस ने मौके से एक जिंदा गोवंश, बाइक और गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए हैं।
फरार साथी की तलाश में जुटी पुलिस
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आसपास के जंगल में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन फरार आरोपी का पता नहीं चल सका। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।