मवाना। गांव मवाना खुर्द में सड़क के जलभराव व गड्ढों को लोक निर्माण विभाग ने भरवा दिया है। वहीं, नाले के लिए एस्टीमेट भेज दिया है। स्वीकृत होते ही नाले को पक्का करा दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि मवाना खुर्द में घरों का पानी सड़कों पर आ जाने से टूटकर गड्ढों में तब्दील हो गई। वहीं, जलभराव के कारण गड्ढे नहीं दिखाई देने से हादसे होते रहते थे। ग्रामीणों की शिकायत पर एवं अधिकारियों के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग के एई महेश बालियान व जेई मुकुल तेवतिया ने एक सप्ताह पूर्व पहुंचकर नाले की खुदाई कराई तथा सड़क पर जलभराव होने से रोक दिया था। बृहस्पतिवार एवं शुक्रवार को हुई बारिश के बाद पुन: जलभराव होने पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने पुन: नाले की खुदाई कराई थी। जेई मुकुल तेवतिया ने बताया कि कच्चा नाला खुदवा दिया है। अब आबादी का पानी सड़क पर नहीं आएगा। वहीं, गड्ढों को भी भरवा दिया है। सड़क निर्माण के संबंध में कहना था कि बजट आने पर सड़क का निर्माण करा दिया जाएगा। वहीं, पक्का नाला निर्माण के लिए एस्टीमेट बनाकर भेज दिया है। स्वीकृत होते ही निर्माण करा दिया जाएगा।