देहरादून हाईवे पर भीषण हादसा, तीन लोगों की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के इस शहर में एक भीषण हादसा हो गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी लगते ही तीनों परिवारों में कोहराम मच गया।
घटना उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले की है। बिहारीगढ़ में देहरादून हाईवे पर मोहंड एवं गणेशपुर के बीच दो कारों की आमने-सामने हुई। टक्कर में तीन की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। हादसे में मरने वाले तीनों लोग सहारनपुर के रहने वाले थे और आर्किटेक्ट थे, जो रविवार रात देहरादून से लौट रहे थे। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायल को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
सहारनपुर के मोहल्ला हिम्मत नगर निवासी आर्किटेक्ट मुकुल जौहरी (26 वर्ष) पुत्र शिवकुमार, मोहल्ला हकीकत नगर की साकेत कॉलोनी निवासी श्रवण गुप्ता (52 वर्ष) पुत्र चंद्र कुमार, लक्ष्मीपुरम निवासी योगेंद्र कुमार (44 वर्ष) पुत्र फूल सिंह तथा आनंद विहार कॉलोनी निवासी सुनील उर्फ सोनू (28 वर्ष) पुत्र नरेश रविवार को किसी काम से देहरादून गए थे। रविवार देर रात चारों लोग देहरादून से अपनी वैगन आर कार से सहारनपुर लौट रहे थे। उनकी कार जब बिहारीगढ़ क्षेत्र में दून हाइवे पर मोहंड और गणेशपुर के बीच पहुंची तो उसी समय सामने से तेज गति से आ रही डब्लूआरवी कार ने जोरदार टक्कर मार दी। दोनों कारों में भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि वैगन आर कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार योगेंद्र एवं श्रवण गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में मुकुल और सुनील गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान मुकुल जौहरी की भी मौत हो गई, जबकि सुनील का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। बिहारीगढ़ पुलिस ने दोनों गाड़ियों को कब्जे में ले लिया है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पढ़ें : यूपी: दो सड़क हादसों में एक बच्ची समेत 6 लोगों की मौत, दो घायल
डब्लूआरवी सवार भी हुए घायल
पुलिस के अनुसार दूसरी डब्लूआरवी कार में सवार लोग भी घायल हुए हैं, लेकिन उनकी कार में सुरक्षा सिस्टम लगा होने के चलते किसी जनहानि की सूचना नहीं हैं। दूसरी कार के घायलों को देहरादून में भर्ती कराया गया है।
तीन परिवारों में मचा है कोहराम
मोहंड में हुई सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। मुकुल शिवालिक बैंक के निकट स्थित अमरनाथ एसोसिएट फर्म में आर्किटेक्ट था। उसका एक भाई मयंक, डेढ़ साल का बेटा अरनव है। उसकी पत्नी और भाई का रो-रो कर बुरा हाल है।
श्रवण गुप्ता भी आर्किटेक्ट थे। उनकी सरस्वती एसोसिएट नाम से फर्म है। उनके परिवार में तीन बच्चे 24 वर्षीय पुत्री प्राची गुप्ता, 20 वर्षीय प्राक्षी व पुत्र 20 वर्षीय निखिल और पत्नी मीनाक्षी है। योगेंद्र भी आर्किटेक्ट के साथ काम करते थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी सावित्री एवं तीन बच्चे हैं, जबकि घायल सुनील भी आर्किटेक्ट बताया गया है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/