UP: रिटायर्ड फौजी की पत्नी की दर्दनाक हादसे में मौत, गन्ने से लदे ट्रक ने किसान को कुचला, मौके पर तोड़ा दम
Meerut Accident News : मेरठ निवासी रिटायर्ड फौजी की पत्नी की जालंधर में सड़क हादसे में मौत हो गई। वहीं, मुजफ्फरनगर के खतौली में गन्ने से लदे ट्रक ने मेरठ के किसान को कुचल दिया, जिससे किसान की मौके पर ही मौत हो गई।
विस्तार
मेरठ में पल्लवपुरम थाना क्षेत्र निवासी रिटायर्ड सैन्यकर्मी विनोद कुमार की पत्नी यशवीरी (46) की जालंधर में सड़क हादसे में मौत हो गई। दौराला क्षेत्र के दादरी गांव निवासी विनोद का परिवार पल्लवपुरम फेज-दो में रह रहा है। बेटी पूजा व विनोद कुमार मेरठ में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं।
तीन दिन पूर्व विनोद, उनकी पत्नी यशवीरी और बेटी पूजा दो अन्य लोगों के लुधियाना गए थे। सोमवार सुबह परिवार लौट रहा था। कार पूजा चला रही थी। जालंधर से 20 किलोमीटर पहले उनकी कार हाईवे के किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसमें कार सवार पांचों लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। यहां यशवीरी को मृत घोषित कर दिया गया।
गन्ने से लदे ओवरलोड ट्रक ने मेरठ के किसान को कुचला
मुजफ्फरनगर के खतौली में बुढ़ाना रोड पर गन्ने से लदे ओवरलोड ट्रक ने किसान को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक किसान को काफी दूर तक खींचता ले गया और किसान की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया।
बड़ौत के गांव सिरसली निवासी वसीम ने बताया कि मेरठ के चिंदौड़ी पूठ निवासी उसके मामा खालिद, इकबाल, शरीफ और अनवर अलग-अलग बाइकों से मीरापुर के पास सिकंदरपुर गांव में किसी काम से आए थे।
यह भी पढ़ें: PHOTOS: बॉलीवुड का विलेन बना असली खलनायक, रिवॉल्वर से बरसाईं दनादन गोलियां, मर्डर से हर तरफ दहशत
वह बाइक पर गांव लौट रहे थे। खतौली में बुढ़ाना तिराहे के पास खालिद (50) लघुशंका के लिए बुढ़ाना तिराहे पर सड़क पार कार रहे थे, खतौली की ओर आ रहे गन्ने से लदे ओवरलोड ट्रक ने चपेट में ले लिया। वह ट्रक के पिछले पहियों के बीच में फंस गए। ट्रक चालक उन्हें लगभग 300 मीटर तक खींच कर ले गया। हादसे में खालिद की मौत हो गई। राहगीरों के शोर मचाने पर चालक ने ट्रक रोका। बाद में पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। वसीम ने बताया कि मामा के बच्चों में इनाम, इरफान, सुफियान, रीना, रूकसाना और नाजमा हैं। मामी मामो परवीन है।
यह भी पढ़ें: खून का बदला खून: एलानिया कत्ल से दहल उठा था पूरा गांव, जेल से जमानत पर आए भाइयों ने अंकित को दी दर्दनाक मौत