UP: हाथ में काला झंडा, गले में लटकाए मेडल, धरने पर बैठा रिटायर्ड फौजी, कहा- नहीं सुन रहे 'वर्दी वाले गुंडे'
Meerut News : मेरठ में एक रिटायर्ड फौजी ने गले में मेडल लटका कर और हाथों में काला झंडा लेकर पत्नी संग एसएसपी दफ्तर पर धरना दिया। कहा कि 'वर्दी वाले गुंडो' कोई कार्रवाई नहीं कर रहे।
विस्तार
मेरठ जनपद में खरखौदा थाना क्षेत्र निवासी रिटायर्ड फौजी ने शुक्रवार को एसएसपी ऑफिस पर जमकर हंगामा किया। इस दौरान रिटायर्ड फौजी ने गले में मेडल लटका कर और हाथों में काले झंडे लेकर पत्नी के साथ कप्तान के कार्यालय के बाहर सड़क पर धरना दिया।
रिटायर्ड फौजी का आरोप है कि पुत्रवधू से चल रहे विवाद के दौरान बेटे पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने जैसे-तैसे रिटायर्ड फौजी को समझा कर उसे वापस भेज दिया।
खरखौदा के कैली गांव के रहने वाले वीरेंद्र सिंह ने बताया कि उसके बेटे नीतीश का अपनी दोनों पत्नियों के साथ विवाद चल रहा है, जिसमें कई मुकदमे चल रहे हैं। आरोप है कि खरखौदा थाना पुलिस लगातार उनका उत्पीड़न कर रही है। रिटायर्ड फौजी का आरोप है कि उसके पुत्र नीतीश पर तीन बार जानलेवा हमला हुआ। अधिकारियों के दफ्तरों के तमाम चक्कर काटने के बावजूद थाना पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। जबकि नीतीश अस्पताल में भर्ती है।
यह भी पढ़ें: Bijnor: एकतरफा प्यार में कंप्यूटर टीचर को मारी गोली, भागते हुए CCTV में कैद हुआ छात्र, पुलिस ने किया गिरफ्तार
वीरेंद्र सिंह का कहना है कि वह 17 साल सेना में नौकरी करके रिटायर हुए और पांच मेडल हासिल किए। लेकिन 'वर्दी वाले गुंडे' उसकी भी सुनवाई नहीं कर रहे। जिसके चलते शुक्रवार को रिटायर्ड फौजी ने कप्तान कार्यालय पर पहुंच कर जमकर हंगामा किया। गले में अपने मेडल लटका कर और हाथों में काले झंडे लेकर रिटायर्ड फौजी कप्तान कार्यालय के बाहर सड़क पर धरना देकर बैठ गए। बाद में पुलिस ने जैसे-तैसे समझाते हुए रिटायर्ड फौजी को वापस भेजा।
यह भी पढ़ें: BSF Jawan Death: बेटे को तिरंगे में लिपटा देख मां हुई बेहोश, सदमे में पत्नी और बहन, घरों में नहीं जले चूल्हे