जरूरी खबर: दिल्ली रोड पर रात भर रहेगा रूट डायवर्जन, ये रहेगी व्यवस्था, रैपिड रेल के निर्माण ने पकड़ी रफ्तार
Meerut News : यह रूट डायवर्जन रात 12 बजे से सुबह पांच बजे तक ही लागू रहेगा। वन-वे कर एक ही मार्ग से दोनों ओर के वाहन निकाले जाएंगे।
विस्तार
मेरठ में एनसीआरटीसी की ओर से रैपिड रेल का काम और तेज कर दिया गया है। ऐसे में अब आरआरटीएस कॉरिडोर के लिए शताब्दी नगर और ब्रह्मपुरी के बीच वायाडक्ट निर्माण के लिए रात में दिल्ली रोड पर डायवर्जन लागू किया जाएगा। रोड का यह डायवर्जन रात 12 बजे से सुबह पांच बजे तक ही लागू रहेगा। वन-वे कर एक ही मार्ग से दोनों ओर के वाहन निकाले जाएंगे।
एनसीआरटीसी अफसरों के मुताबिक, इस क्षेत्र में किए जा रहे निर्माण के दौरान, यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय यातायात पुलिस एवं प्रशासन की मदद से दिल्ली-मेरठ मार्ग पर मेरठ से दिल्ली की ओर जाने वाली रोड पर वाहनों का प्रवेश वर्जित किया गया है। इस रोड के ट्रैफिक को दिल्ली-मेरठ मार्ग की दिल्ली से मेरठ की ओर जाने वाली रोड पर डायवर्ट किया गया है। इस दौरान दिल्ली-मेरठ रोड की एक सिंगल रोड पर ही दोनों दिशाओ के वाहनों का आवागमन रहेगा। रोड का यह डायवर्जन रात 12 बजे से सुबह पांच बजे तक ही लागू रहेगा।
अधिकारियों के मुताबिक, रात में इस क्षेत्र में वाहनों का आवागमन तुलनात्मक रूप से कम रहता है। ऐसे में इस ट्रैफिक डायवर्जन के दौरान दिन की अपेक्षा यात्रियों को कम असुविधा होगी। शताब्दी नगर से ब्रहमपुरी स्टेशन के बीच एलिवेटेड वायाडक्ट के निर्माण के लिए अलग-अलग जगहों पर तारिणी (लॉन्चिंग गैंट्री) कार्य कर रही है। तारिणी को पिलर के ऊपर स्थापित किया जाता है, जहां से यह गर्डर के विभिन्न सेगमेंट्स को उठाकर उसे आपस में जोड़ती है। ये सेगमेंट लगभग 50 से 60 टन भारी होते हैं। यह तारिणी वायाडक्ट के निर्माण के साथ-साथ आगे बढ़ती जाती है।
यह भी पढ़ें: मां से हुई थी आखिरी बार बात: कहा था- सब कुछ ठीक है, फिर सबको क्यों रुला गया बीटेक का छात्र, सदमे में परिवार
मौजूदा समय में ब्रह्मपुरी स्टेशन से पहले दो अलग-अलग जगहों पर सेगमेंट्स लॉन्चिंग की प्रक्रिया की जा रही है। ट्रांसपोर्ट नगर में पोर्टल पिलर की निर्माण प्रक्रिया के दौरान दिल्ली-मेरठ मार्ग का यातायात नवीन मंडी से बागपत रोड दिशा में डायवर्ट किया गया है और वहीं मेरठ की ओर से आने वाले यातायात को बागपत रोड के रास्ते डायवर्ट कर दिल्ली रोड पर पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
एनसीआरटीसी ने निर्माण कार्य के दौरान इस क्षेत्र के निवासियों से सहयोग की अपील की है और ट्रैफिक डायवर्जन के कारण होने वाली परेशानी से बचने के लिए बताए गए वैकल्पिक रूट का प्रयोग करने का अनुरोध किया है।
यह भी पढ़ें: सीसीएसयू में सुसाइड: बेहद हसमुख था प्रशांत, रात को दोस्तों संग की मस्ती फिर सुबह चुन ली मौत, साथी गुमसुम