मानसून: मेरठ में बारिश ने उमस भरी गर्मी से दिलाई राहत, कई जगह नहीं बरसे बदरा
पश्चिमी यूपी और आसपास अच्छी बारिश के बीच जिले में मानसून की चाल अभी धीमी है। सोमवार सुबह कहीं हल्की बारिश हुई तो कहीं सूखा रहा। इसके बाद गर्मी के तेवर फिर से तीखे हो गए और दिन भर उमस से बुरा हाल रहा। वहीं मंगलवार को दिन भर गर्मी और उमस के बाद दोपहर बाद को बादल बरसे और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
आलम यह है कि तापमान तो कम है। लेकिन उमस इतनी ज्यादा है कि गर्मी का अहसास बढ़ा रही है। मानसून की आमद के बावजूद शहरवासियों को गर्मी झेलनी पड़ रही है। मंगलवार को जहां बीच शहर में बादल मेहरबान हुए वहीं देहात क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी हुई। कई क्षेत्रों में जरा सी बारिश से ही जलभराव हो गया जिससे राहगीरों को काफी मुश्किल का सामना करना पड़ा ।
रविवार को मानसून ने कमजोर दस्तक दी थी। सोमवार सुबह सिविल लाइन, साकेत, शास्त्रीनगर, मंगलपांडे नगर, मोदीपुरम क्षेत्र समेत शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई तो देहात में भी मवाना के अलावा कहीं बारिश नहीं हुई। मंगलवार को भी यही हाल रहा।
एक दिन पहले की अपेक्षा दिन के तापमान में मामूली गिरावट आयी है। आईआईएफसआर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन. सुभाष का कहना है कि मानसून की शुरुआत अभी धीमी है, जिस कारण से बारिश हल्की हुई है। अभी दो दिन मध्यम बारिश होने की संभावना बनी है। बारिश अच्छी होने से ही गर्मी से राहत मिलेगी।