पीवीवीएनएल रेड टीम ने मारा छापा, उद्यमियों ने किया विरोध, चेकिंग में नहीं मिली अनियमितता
बिजली चोरी पकड़ने के लिए पीवीवीएनएल रेड और विजिलेंस टीम ने छापा मारा। उद्यमियों ने विरोध किया।
विस्तार
मेरठ में बिजली चोरी पकड़ने के लिए साईंपुरम इंडस्ट्रियल एरिया पहुंची पीवीवीएनएल रेड और विजिलेंस टीम का उद्यमियों ने विरोध किया। मौके पर पहुंचे इंडस्ट्रियल एसोसिएशन पदाधिकारियों ने मांग की कि शिकायतकर्ता उद्यमी की भी जांच की जाए उसके बाद ही जांच करने दी जाएगी। हालांकि बाद में उद्यमियों ने चेकिंग में टीम का सहयोग किया। टीम को चेकिंग में कोई अनियमितता नहीं मिली। अधिकारियों ने बताया कि एमआरआई की रिपोर्ट आने के बाद फाइल एमडी को भेजी जाएगी।
साईंपुरम इंडस्ट्रियल एरिया में फैक्टरी चला रहे एक उद्यमी ने पीवीवीएनएल एमडी अरविंद मल्लप्पा बंगारी से दो फैक्टरियों में बिजली चोरी होने की शिकायत की थी। इस पर एमडी ने मुख्यालय स्तर से रेड टीम का गठन करते हुए विजिलेंस के साथ छापामारी करने के निर्देश दिए थे। बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे अधिशासी अभियंता एसपी टांक के नेतृत्व में रेड टीम साईंपुरम इंडस्ट्रियल एरिया पहुंची। यहां टीम ने रघुवीर सिंह की गत्ते की फैक्टरी और अजय कपूर की छोटे सिलेंडरों की फैक्टरी में मीटर और केबल आदि की चेकिंग की।
मामले की सूचना मिलने पर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष सोनू सहगल, महामंत्री राकेश मक्कड़, संयुक्त व्यापार संघ नवीन गुट के कोषाध्यक्ष सतीश चंद जैन सहित बड़ी संख्या में पहुंचे उद्यमियों ने टीम का विरोध किया। सोनू सहगल और राकेश मक्कड़ ने कहा कि जिसने बिजली चोरी की शिकायत की है उसके कनेक्शन की भी जांच की जाए। अधिकारियों के समझाने के बाद उद्यमियों ने टीम का सहयोग किया।
वहीं घंटो तक चली जांच के बाद टीम ने दोनों उद्यमियों को कोई भी अनियमितता नहीं मिलने की रिपोर्ट सौंपी। अधिशासी अभियंता एसपी टांक ने बताया कि रघुवीर सिंह की फैक्टरी में 20 किलोवाट का कनेक्शन और अजय कपूर की फैक्टरी में 10 किलोवाट के कनेक्शन की जांच की गई। टीम को मीटर और केबल आदि में कोई शंट नहीं मिला है। हालांकि दोनों मीटर की एक्सपर्ट से एमआरआई कराई गई है। इसकी गहनता से जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। दोनों मामलों की रिपोर्ट एमडी के दे दी जाएगी। इस मौके पर अधिशासी अभियंता पंचम जागेश कुमार, सहायक अभियंता कैलाश चंद, सहायक अभियंता आदित्य, उपखंड अधिकारी प्रसून त्यागी, विजिलेंस जेई अमित कुमार आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: अदालत ने बिजली चोरी के मामले में पेपर मिल प्रबंधक को भेजा जेल, आज फिर होगी सुनवाई
उद्यमी बोले, फैक्टरी बंद कर प्रशासन को सौंपेंगे चाबी
पीवीवीएनएल की रेड और विजिलेंस टीम की संयुक्त कार्रवाई से आहत साईंपुरम इंडस्ट्रियल एरिया के उद्यमियों ने फैक्टरियों पर ताला लगाकर चाबी जिला प्रशासन को सौंपने की बात कही है। इस बारे में इंडस्ट्रियल एरिया एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि बृहस्पतिवार को आम बैठक बुलाकर उसमें फैसला लिया जाएगा।
उद्यमियों ने कड़ा विरोध करते हुए कहा कि अधिकारी नहीं चाहते मेरठ में इंडस्ट्री चले। कभी बिजली चोरी तो कभी प्रदूषण के नाम पर आए दिन उत्पीड़न हो रहा है। साईंपुरम इंडस्ट्रियल एरिया एसोसिएशन के अध्यक्ष सानू सहगल और महामंत्री राकेश मक्कड़ ने कहा कि अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उद्यमी इतने व्यथित है कि वे फैक्टरी पर ताला लगाकर चाबी प्रशासन को सौंपने का मन बना रहे हैं। इस संबंध में बृहस्पतिवार को संगठन की बैठक होगी। इसमें फैसला लिया जाएगा। बैठक की सूचना सभी सदस्यों को कर दी गई है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/