पुलवामा आतंकी हमला: अंतिम संस्कार के लिए शामली पहुंचे शहीदों के शव, हर आंख हुई नम
- हाथों में तिरंगे लेकर जवान प्रदीप की अंतिम यात्रा में शामिल हुए लोग।
- पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाकर आतंकवाद का जताया विरोध।
- केंद्रीय मंत्री सतपाल सिंह और प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा रहे मौजूद।
विस्तार
लवामा में आतंकी हमले में शहीद सीआरपीएफ के जवान प्रदीप और अमित सैनिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। दोनों की अंतिम यात्रा में उमड़े लोगों में जबरदस्त गुस्सा भी था और लोगों ने ‘जवानों की शहादत का बदला लो के नारे लगाए।’ केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह, केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री सतपाल सिंह, गन्ना मंत्री सुरेश राणा, सांसद मुजफ्फरनगर संजीव बालियान, सांसद सहारनपुर राघव लखनपाल, सहित शामली और मुजफ्फरनगर के भाजपा विधायकों ने श्रद्धांजलि दी।
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले से पूरे देश आहत और आक्रोशित है। हर समाज के लोगों ने जम्मू काश्मीर में आतंकवाद समाप्त करने व पाक को कड़ा जवाब दिए जाने की मांग उठाई हैं। शामली के दोनों जवानों के शव शनिवार सुबह उनके पैतृक गांव लाए गए। इस दौरान लोगों में पाकिस्तान के खिलाफ भारी आक्रोश दिखा। तिरंगे में लिपटे इन शूरवीरों के पार्थिव शरीर को देख हर आंख नम हो उठी।
दोनों जवानों के शव रात को दिल्ली पहुंच गए थे। डीएम अखिलेश सिंह ने बताया कि मध्यरात्रि तक दोनों के शव दिल्ली से सीधे उनके निवास स्थानों पर पहुंचे। यहां जैसे ही जवानों के शव शामली पहुंचे लोगों का हुजूम देश के लाड़लों के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़ा। लोग भारत माता, जय हिंद और वंदे मातरम के नारे लगाते हुए अंतिम यात्रा में शामिल हुए।
पुलवामा में हुए आतंकी हमले में शहीद जिले के दोनों जवानों की अंत्येष्टि शनिवार सुबह के समय तय की गई थी। डीएम ने शुक्रवार रात दोनों परिवारों के यहां जाकर उनकी सहमति से अंत्येष्टि का समय तय किया।
केंद्र सरकार के प्रतिनिधि के तौर पर केंद्रीय मंत्री सतपाल सिंह और प्रदेश सरकार के प्रतिनिधि के तौर पर गन्ना मंत्री सुरेश राणा मौजूद रहे। इसके अलावा प्रशासनिक, पुलिस अधिकारी भी इसमें शामिल हुए। उधर, शहर के रेलपार कालोनी निवासी अमित की अंत्येष्टि इसके बाद की जाएगी।
प्रदेश के गन्ना मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने प्रदेश के शहीद जवानों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये राशि और एक सदस्य को नौकरी और उनके गांव के लिंक मार्ग का नाम शहीद के नाम पर रखने का निर्णय लिया है। प्रदेश सरकार पूरी तरह शहीद परिवारों के साथ खड़ी है।
अंत्येष्टि तक जनपद के बाजार बंद रखने का आह्वान
पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने बताया कि आतंकी हमले में शहीद जनपद के दोनों जवानों की अंत्येष्टि होने तक शामली शहर और सभी कस्बों के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की गई है। अपील की गई है कि सभी दुकानदार अपनी दुकानें बंद रखकर शहीदों को अपनी श्रद्धांजलि दें।
जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुई आतंकी घटना बेहद दुखद है। पूरा देश और सरकार शहीद परिवारों के साथ है। शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। - सुरेश राणा गन्ना मंत्री उत्तरप्रदेश सरकार
आतंकी हमले से पूरे देश में आक्रोश है। आतंकवादियों द्वारा इससे घृणित कार्य नहीं हो सकता है। हर हालात में बदला लिया जाएगा। - तेजेंद्र निर्वाल भाजपा विधायक शामली।
आतंकी हमले की में निंदा करती हूं। अमर शहीद जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित करती हूं। - भाजपा महिला नेता मृगांका सिंह।
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले की मैं कड़ी निंदा करता हूं। इस हमले में जो हमारे वीर जवान शहीद हुए हैं उनको श्रद्धांजली अर्पित करता हूं। इन सभी वीरों के परिवारों के दु:ख में शामिल हूं। - अब्दुल वारिस राव पूर्व विधायक थानाभवन।
राष्ट्र की सुरक्षा के लिए समाजवादी पार्टी सरकार का हरसंभव सहयोग करने के लिए तैयार हैं। - प्रोफेसर डाक्टर सुधीर पंवार राष्ट्रीय प्रवक्ता समाजवादी पार्टी।