दिल्ली-अलीगढ़ में हुए बवाल के बाद देवबंद पर पैनी नजर, अफसरों ने उलमाओं के साथ की बैठक, फोर्स तैनात
नागरिकता संशोधन कानून को लेकर दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया और अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में धधक रही विरोध की आग से देवबंद को बचाने के लिए पुलिस प्रशासन ने दारुल उलूम क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया है। एसपी देहात के नेतृत्व में पुलिस बल ने नगर में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में देशभर के ज्यादातर राज्यों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इसको लेकर जनपद में भी हाई अलर्ट घोषित किया गया है। इस्लामी तालीम का सबसे बड़ा मरकज देवबंद में होने के कारण पुलिस-प्रशासनिक एवं खुफिया एजेंसियां सतर्क है। सोमवार को सुरक्षा के मद्देनजर इस क्षेत्र को प्रशासन ने छावनी में तब्दील कर दिया।
एसपी देहात डॉ. विद्यासागर मिश्र के नेतृत्व में पीएससी व कई थानों की पुलिस ने मोहल्ला खानकाह, बड़जियाउलहक, पठानपुरा, सराय मालियान, सराय काहरान, सहारनपुर-मुजफ्फरनगर हाईवे, शिक्षक नगर, शाहजीलाल, रेलवे रोड और मेन बाजार में फ्लैग मार्च निकाला। साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम राकेश कुमार, सीओ चोब सिंह व इंस्पेक्टर यज्ञदत्त शर्मा आदि गश्त लगाते रहे।
यह भी पढ़ें: नागरिकता कानून: अब बिजनौर में माहौल बिगाड़ने की कोशिश, पुलिस पर पथराव, देखें तस्वीरें
एहतियातन पुलिस तैनात: एसपी देहात
एसपी देहात डॉ. विद्या सागर मिश्र का कहना है कि जनपद में शांति व्यवस्था बनी हुई है। सुरक्षा के लिहाज से देवबंद में भी पुलिस बल तैनात किया गया है। शांति व्यवस्था खराब करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीएम व एसएसपी की मदरसा संचालकों के साथ बैठक
बिल को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शन के चलते डीएम आलोक कुमार पांडेय व एसएसपी दिनेश कुमार ने मदरसा संचालकों के साथ बैठक कर छात्रों को समझाने व अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की सलाह दी।
सोमवार को डाक बंगले पर हुई बैठक में डीएम और एसएसपी ने मदरसा संचालकों से अपील की है कि वह मदरसा के छात्रों को समझाएं कि अफवाहों पर ध्यान न दें। इस दौरान दारुल उलूम के नायब मोहतमिम मौलाना अब्दुल खालिक मद्रासी, श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मंदिर सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष पंडित सतेंद्र शर्मा, मदरसा जामिया तुश शेख हुसैन अहमद मदनी के मोहतमिम मौलाना मुजम्मिल अली, मदरसा दारुल उलूम जकरिया के मोहतमिम मुफ्ती शरीफ कासमी, मदरसा इस्लामिया असगरिया के मोहतमिम सैय्यद जमील हुसैन, नायब मोहतमिम तज्जमुल हुसैन, जामा मस्जिद सहारनपुर के प्रबंधक मौलवी मो. फरीद, मौलाना मुनीरुद्दीन कासमी, दारुल उलूम वक्फ के उस्ताद मौलाना सिकंदर अली, मौलाना शमशाद रहमानी और फरमान प्रधान आदि मौजूद रहे।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/