ससुर को मार डाला: पुत्रवधु ने पूछताछ में बताई कत्ल की ऐसी वजह, सुनकर पुलिस भी हैरान, ऐसे हुआ वारदात का खुलासा
Meerut Murder Case : मेरठ में एक महिला ने अपने ससुर को मार डाला। वारदात के बाद उसने पति को बताया कि हार्ट अटैक से मौत हो गई। लेकिन जब कत्ल का खुलासा हुआ तो पुलिस भी हैरान रह गई।
विस्तार
मेरठ जनपद में जानीखुर्द के गांव ढढरा निवासी सतपाल की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सतपाल की हत्या उसकी पुत्रवधु ने की थी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सतपाल के बेटे का पत्नी से झगड़ा होता रहता था, जिसकी वजह वह ससुर से नाराज रहती थी। एक दिन पूर्व झगड़े के बाद बेटे ने पत्नी से मारपीट की थी, जिसके चलते कहासुनी के बाद उसने ससुर का गला दबा दिया था।
गांव ढढरा निवासी सतपाल पुत्र मुख्तार सोमवार को अपने घर में मृत मिला था। मंगलवार को पुलिस ने सतपाल की हत्या के आरोप में उसके बेटे दीपक की पत्नी प्रीति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
जानी थानाध्यक्ष प्रंजत त्यागी के अनुसार, सतपाल अपने तीन पुत्रों में से सबसे छोटे बेटे दीपक के पास रहता था। दीपक सहारनपुर में नौकरी करता है। दीपक की पत्नी प्रीति अपने तीन बच्चों के साथ गांव में रहती है। दीपक का प्रीति से बात-बात पर झगड़ा होता था। प्रीति इसकी वजह ससुर सतपाल को मानती थी।
उसका कहना था कि ससुर बेटे से उसकी झूठी शिकायत कर पिटवाता है। रविवार को दीपक सहारनपुर से घर आया था। उसकी पत्नी प्रीति से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद दीपक ने प्रीति के साथ मारपीट की थी।
वहीं, सोमवार को दीपक के जाने के बाद प्रीति की ससुर सतपाल से इसे लेकर कहासुनी हो गई और गुस्से में प्रीति ने सतपाल का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: मां से हुई थी आखिरी बार बात: कहा था- सब कुछ ठीक है, फिर सबको क्यों रुला गया बीटेक का छात्र, सदमे में परिवार
प्रीति ने सतपाल की मौत हार्ट अटैक से होने की बात कही थी लेकिन दीपक ने पुलिस से पत्नी पर पिता की हत्या करने का शक जताया तो पुलिस ने प्रीति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में प्रीति ने गला दबा कर हत्या करने की बात कबूल कर ली। पुलिस ने प्रीति को न्यायालय में पेश किया, जहां से उससे जेल भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें: सीसीएसयू में सुसाइड: बेहद हसमुख था प्रशांत, रात को दोस्तों संग की मस्ती फिर सुबह चुन ली मौत, साथी गुमसुम